बिग बॉस 12 को लेकर आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। हर बार की तरह इस बार भी बिग बॉस अपने दर्शकों के लिए कुछ खास ला रहा है। शो का बदला हुआ फॉर्मेट पहले प्रोमो में ही देखा जा सकता है। इसमें सलमान एक क्लासरूम में कंटेस्टेंट की क्लास लेते हुए नजर आ रहे हैं।

पहले शो से जुड़ी जानकारी आई थी कि इस बार कपल सेलेब्रिटीज को लिया जाएगा, यह बदलाव लाने के बाद भी इसे फिर बदल दिया गया। अब शो में सेलिब्रिटी जोड़ियां नहीं होंगी बल्कि 6 सिंगल सेलेब्स होंगे, इसके अलावा 5 आम लोगों की जोड़ियां और 5 आम लोग होंगे।

आपको बता दें बिग बॉस कि ओपनिंग सेरेमनी मुंबई के पास स्थ‍ित लोनावला में होती है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक इस बार यह भी बदला गया है। ओपनिंग सेरेमनी गोवा में रखी गई है। शो की प्रेस कांफ्रेंस भी वहीं होगी।

बता दें कि बिग बॉस 16 सितंबर से टीवी पर आएगा। आम तौर पर यह शो अक्टूबर में शुरू होता है लेकिन इस बार इसे एक महीने पहले शुरू किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक इस बार होस्ट सलमान खान घरवालों से टीवी के जरिये बात नहीं करेंगे। अब तक के सीजन में सलमान कंटेस्टेंट से एक टीवी के जरिये जुड़े रहते थे और हफ्ते में दो दिन वह घर के सदस्यों की क्लास लेते थे। इस बार इस कांसेप्ट को थोड़ा बदला जा रहा है और अब घर के सदस्यों को क्लास रूम जैसी ही एक लोकेशन पर बिठाया जाएगा। सामने एक ब्लैकबोर्ड जैसी स्क्रीन होगी जिस पर सलमान नजर आएंगे।