अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जल्द ही शादी करने वाली हैं और शादी की तैयारियां भी शुरू हो गई है। दुल्हेराजा निक जोनस भी इंडिया पहुंच चुके हैं। इस समय यह कपल दिल्ली में है और इस दौरान खबर आई है कि दोनों पीएम नरेंद्र मोदी को शादी का इन्वीटेशन दे चुके हैं। अब देखना यह है कि पीएम मोदी शादी में जाएंगे या नहीं। 

बता दें इससे पहले पीएम मोदी अनुष्का-विराट की शादी के रिसेप्‍शन में आए थे। 

एशियन ऐज ने एक सूत्र के हवाले से खबर दी है कि यह तय नहीं है कि प्रियंका और निक पीएम से मिल पाए हैं या नहीं, लेकिन विशेष अनुरोध के साथ उनकी शादी का इनविटेशन कार्ड प्रधानमंत्री तक पहुंचा है। 

बता दें प्रियंका और निक की शादी 1 दिसंबर को जोधपुर में होने जा रही है। अनुष्‍का और दीपिका की तरह, प्रियंका भले ही इटली में जाकर शादी नहीं कर रही हो लेकिन प्रियंका ने भी अपनी शादी में प्राइवेसी का खासा ध्‍यान रखा है।

प्रियंका इन दिनों बॉलीवुड फिल्म 'स्‍काई इज पिंक' की शूटिंग कर रही हैं। इस फिल्म के जरिए प्रियंका की बॉलीवुड में लंबे समय बाद एक बार फिर एंट्री होगी। इस फिल्‍म में प्रियंका के साथ फरहान अख्‍तर और 'दंगल गर्ल' जायरा वसीम नजर आएंगे।