देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा शादी के बाद फिर से अपने काम में बिजी हो चुकी है। वो बॉलीवुड और हॉलीवुड दोनों की फिल्मों में व्यस्त हो गई हैं। हाल ही में प्रियंका अमेरिका के मशहूर टॉक शो ‘दि एलन डिजेनेरेस’ में नजर आईं। इस शो में प्रियंका अपनी नई हॉलीवुड फिल्म 'इसंट इट रोमांटिक' को प्रमोट करने पहुंची थीं। इस दौरान प्रियंका ने खुलासा किया कि वह जल्द ही पर्दे पर ‘मां आनंदशीला’ का किरदार अदा करती हुईं दिखाई देंगी। 

प्रियंका ने बताया कि, वह अगली फिल्म में मशहूर और विवादित आध्यात्मिक गुरु ओशो की शिष्या मां आनंदशीला का किरदार निभाएंगी। मां आनंदशीला भारत में जन्मीं एक अमेरिकन नागरिक हैं जो किसी समय रजनीश ओशो की प्रवक्ता थीं। एक समय था जब मां शीला पर कई लोगों को मारने की कोशिश का आरोप लगा था जिसके कारण काफी वर्षों तक विवाद भी चला था।

प्रियंका ने शो में खुलासा किया कि, इस फिल्म को हॉलीवुड के जाने माने निर्देशक बैरी लेविनसन डायरेक्ट करने वाले है। इंटरव्यू के दौरान प्रियंका ने कहा कि, “मैं बैरी लेविनसन के साथ एक फिल्म पर काम कर रही हूं। वह शानदार अमेरिकन डायरेक्टर है। इस फिल्म के जरिए हम भारत में जन्म लेने वाली मां आनंदशीला के किरदार को पर्दे पर दिखाएंगे।“

बता दें मां आनंदशीला पर 1985 में मर्डर का आरोप लगा था और तो और सन 1984 में हुए बायोटेरर अटैक में उनके शामिल होने के आरोप थे। 

मां आनंदशीला ओशो की पर्सनल सेक्रेटरी थी और उनके पास अमेरिका में ओरेगॉन के वास्को काउंटी में रजनीशपुरम आश्रम को संभालने का जिम्मा था।