अमेरिका से इलाज करवाकर हाल ही में भारत लौटे केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने सोशल मीडिया के सहारे कांग्रेस और उसके अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमले तेज कर दिए  हैं। रविवार को एक फेसबुक ब्लॉग में जेटली ने इशारों में राहुल को एक ऐसा फेल स्टूडेंट बताया, जो हमेशा टॉपर से चिढ़ता है। 

जेटली ने लिखा है कि पिछले कुछ महीनों में कांग्रेस फर्जी आंदोलन चलाकर सरकार को बदनाम कर रही है। उन्होंने कहा, 'झूठ ज्यादा वक्त तक नहीं टिकता लेकिन विपक्षी फिर भी एक के बाद एक झूठ बोलते रहे।' राफेल का जिक्र करते हुए जेटली ने लिखा, 'यह डील भारत की मुकाबला करने की क्षमता को बढ़ा रही है और साथ ही इससे कोष के करोड़ों रुपये भी बचाए गए हैं, लेकिन इसे झूठ साबित करने के लिए विरोधियों ने रक्षा मंत्रालय का आधा अधूरा पत्र दिखाया, जिसके बाद उनकी विश्वसनीयता पूरी तरह खत्म हो गई। वह भूल गए थे कि सच की हमेशा जीत होती है।' 

जेटली ने आगे कहा, 'राफेल पर राहुल गांधी के दो बयान सुनेंगे तो पता लगेगा कि यह पीएम मोदी से निजी दुश्मनी निकालने जैसा है। एक फेल स्टूडेंट हमेशा क्लास के टॉपर को नापसंद करता है।' 

जेटली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नीत सरकारें रिजर्व बैंक, न्यायपालिका और सीबीआई जैसी संस्थाओं में हस्तक्षेप करती रही थीं। ‘समय आ गया है कि भारत और इसकी संस्थाओं को ‘संस्था तोड़ने वालों’ से बचाया जाए।’ ‘संस्थाओं पर हमले -नवीनतम झूठ’ शीर्षक से लिखी पोस्ट में जेटली ने कहा कि पिछले दो महीने में कई ‘फर्जी अभियान’ चले जिनको ज्यादा तवज्जो नहीं मिली क्योंकि झूठ ज्यादा समय तक नहीं टिकता।

उन्होंने कहा कि लगातार एक के बाद एक झूठा प्रचार अभियान चला। जेटली ने लिखा, पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र गंभीर खतरे में है। ‘भाजपा के नेता वहां नहीं जा सकते, रैलियों को रोका जा रहा है और रथ यात्राओं को अनुमति नहीं दी जा रही है। वहीं अनेक मुद्दों पर कांग्रेस का रूख विरोधाभासी है। वह केरल में कैमरे के सामने गाय का कत्ल करती है और मध्यप्रदेश में गोहत्या करने वालों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाती है।’ 

उन्होंने कहा, ‘वे लोकतंत्र के लिए घड़ियाली आंसू बहाते हैं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को वंशवादी तंत्र में बदलने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।’ जेटली ने कहा, ‘हाल में छत्तीसगढ़ चुनावों में कांग्रेस ने माओवादियों के साथ गठबंधन किया। राहल गांधी जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में ‘टुकड़े टुकड़े’ गिरोह के साथ खड़े रहे। अदालत में शहरी नक्सलियों की रक्षा में कांग्रेस मजबूती से खड़ी रही। फिर भी यह भारत और इसकी संस्थाओं का हितैषी होने का दावा करती है।’ उन्होंने कहा, ‘इतिहास में यह बात दर्ज होगी कि पंडित जवाहर लाल नेहरू के प्रपौत्र ने भारत की संसद को अकेले इतना नुकसान पहुंचाया है जितना किसी और ने नहीं पहुंचाया।’

बैंकों की खराब हालत का जिक्र करते हुए जेटली ने लिखा, 'जिन्होंने 2008-2014 के बीच बैंकों को लूटा, वे आरोप लगा रहे हैं कि हमने इंडस्ट्रियल लोन माफ किया है। जबकि एक रुपया भी माफ नहीं किया गया। असल में अब डिफॉल्टर्स को मैनेजमेंट से बाहर किया जा रहा है, इससे कांग्रेस का एक और झूठ पकड़ा गया। अगुस्टा वेस्टलैंड घोटाले में शामिल क्रिश्चन मिशेल को भारत लाने को जेटली ने सरकारी की कामयाबी बताते हुए लिखा, 'झूठ फैलाया जा रहा था कि सरकार और उसके मंत्री आर्थिक भगौड़ों को देश छोड़कर भागने में मदद कर रहे हैं। लेकिन यह झूठ तब खुल गया जब सरकार कई डिफॉल्टर्स और बिचौलियों को वापस लाने में कामयाब हुई।' 

कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक पर उठाए गए सवालों का जिक्र करते हुए जेटली ने लिखा, 'सरकार और भाजपा हमेशा सेना के साथ खड़ी है। यही विपक्ष था जिन्होंने पहले सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए और फिर बाद में उसे एक रूटीन कार्रवाई बताया जो पहले भी हुई थी। यहां तक की उन्होंने आर्मी चीफ को सड़क का गुंडा तक कहा था।'