लोकसभा चुनाव के लिए बसपा आज अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। हालांकि इससे पहले बसपा प्रमुख मायावती के करीबी नेता की पत्नी ने टिकट मिलने के बाद चुनाव लड़ने के लिए मना कर दिया है। जिससे अब बसपा को अन्य प्रत्याशी को टिकट देना पड़ रहा है।

असल में बसपा प्रमुख सुप्रीमो के करीबी नेता रामवीर उपाध्याय की पत्नी पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय को फतेहपुर सीकरी से टिकट दिया जा रहा है। लेकिन उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए मना कर दिया है। रामवीर उपाध्याय को मायावती का करीबी नेता माना जाता है। जब भी राज्य में बसपा की सरकार बनी है रामवीर को अहम विभाग दिए जाते हैं। रामवीर उपाध्याय विधान परिषद के सदस्य हैं। सीमा उपाध्याय पहले भी फतेहपुर सीकरी से सांसद रह चुकी हैं। लेकिन उनका क्षेत्र अलीगढ़ है। लिहाजा सीमा अलीगढ़ से टिकट चाह रही हैं।

पिछली बार वह बसपा के टिकट पर फतेहपुर सीकरी से चुनाव हार गयी थी। सीमा के मना करने पर बसपा अब नए प्रत्याशी की तलाश में है। हालांकि सीमा के रूख से मायावती भी नाराज हैं। मायावती ने अलीगढ़ के प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। ऐसा कहा जा रहा है जिसे प्रभारी बनाया गया है उसे ही लोकसभा का टिकट दिया जाएगा। पिछले दिनों बसपा ने अलीगढ़ से अजीत बालियान को प्रभारी बनाने का एलान कर दिया। इसके बाद सीमा ने फतेहपुर सीकरी से चुनाव लड़ने से मना कर दिया। अब बसपा वहां नए प्रभारी का एलान करने जा रही है। हालांकि, बसपा प्रभारियों को ही प्रत्याशी घोषित करती आई है, लेकिन आधिकारिक रूप से प्रत्याशी घोषित होने तक उनके बदलने का विकल्प खुला रहता है।

बसपा ने गठबंधन में अपने कोटे की 38 सीटों में से ज्यादातर सीटों पर प्रभारियों का ऐलान कर दिया है नगीना से गिरीश चंद्र जाटव, अलीगढ़ से अजीत बालियान, आगरा से मनोज सोनी, फर्रुखाबाद से मनोज अग्रवाल, हमीरपुर से संजय कुमार साहू, गौतमबुद्धनगर से सतबीर नागर, जालौन से अजय सिंह पंकज, शाहजहांपुर से अमर चंद्र जौहर, बुलंदशहर से योगेश वर्मा, मेरठ से हाजी याकूब कुरैशी, धौरहरा से अरशद इलियास सिद्दीकी, गाजीपुर से अफजाल अंसारी, मोहनलालगंज से सीएल वर्मा, मिश्रिख से डा. नीलू सत्यार्थी, बांसगांव से दूधराम, सलेमपुर से प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा, अकबरपुर से निशा सचान, फतेहपुर से सुखदेव प्रसाद वर्मा, बस्ती से राम प्रसाद चौधरी व श्रावस्ती चौधरी राम शिरोमणि, संतकबीरनगर से भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी को चुनाव की तैयारी का निर्देश दे दिया गया है।