पीएम नरेन्द्र मोदी और भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह के घर में भाजपा को मात देने के लिए कांग्रेस ने अपने बड़े नेताओं की फौज तैयार की है। जो गुजरात में पीएम मोदी-अमित शाह की जोड़ी से सामना करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी राज्य में बड़े रोड शो करेंगे।  

असल में कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के गढ़ गुजरात में पूरा खम ठोकने को तैयार है। कांग्रेस दोनों को गुजरात में घेरना चाहती है। लिहाजा पार्टी ने ऐसी रणनीति बनाई है ताकि भाजपा के ये दोनों दिग्गज अपने घर से बाहर न निकल पाएं। गुजरात में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ ही पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी आक्रमक चुनाव प्रचार करेंगी। जहां राहुल गांधी का यहां कई रोड शो करेंगे वहीं प्रियंका गांधी कई रैलियों को संबोधित करेंगी। फिलहाल कांग्रेस गुजरात से देश को यह संदेश देना चाहती है कि मोदी व शाह का किला अभेद्य नहीं है और इसे भेदा जा सकता है।

हालांकि पिछले 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को अच्छी टक्कर दी थी और इससे कांग्रेस को उम्मीद है कि वह लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को अच्छी टक्कर देगी। कांग्रेस ने राज्य के लिए अपने स्टार प्रचारकों की टीम बनाई है। जो राज्य के हर लोकसभा सीट पर प्रचार करेंगे। राज्य के लिए जिन स्टार प्रचारकों की सूची तैयार की गई है उनमें राहुल, प्रियंका, मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, नवजोत सिंह सिद्धू, हार्दिक पटेल के अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री, सचिन पायलट, ज्योतिरादित्य सिधिंया, सैम पित्रोदा, जयराम रमेश, गुलाम नबी आजाद पी चिदंबरम, कपिल सिब्बल, राज बब्बर, फिल्म अभिनेत्री नगमा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, मनीष तिवारी, राज्य की राजनीति से शक्ति सिंह गोहिल, अल्पेश ठाकोर अजरुन मोढवाडिया, परेष धनानी तथा सिद्धार्थ पटेल का नाम शामिल है। सूत्रों के अनुसार प्रियंका गांधी की उत्तर, मध्य, सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में रैलियां कराने की योजना है।

सोनिया गांधी को दक्षिणी गुजरात व सौराष्ट्र में उतारने की योजना है। वहीं राहुल गांधी राज्य की अहम सीटों पर रोड शो करेंगे तो प्रियंका उन इलाकों में रैलियां करेंगी जहां कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। पार्टी राज्य की करीब 20 सीटों पर अपने स्टार प्रचारकों से प्रचार कराने की रणनीति तैयार की है। गुजरात का पूरा दारोमदार पार्टी के वरिष्ठ नेता और कोषाध्यक्ष अहमद पटेल पर रहेगा। पटेल को कांग्रेस का रणनीतिकार माना जाता है। कांग्रेस को उम्मीद है कि वह राज्य में 12 सीटों को जीत सकती है और वह इन्हीं सीटों पर फोकस कर रही है।