लोकसभा चुनाव 2019 की प्रक्रिया सातवें चरण का मतदान होने के साथ ही संपन्न हो गई। सभी न्यूज चैनलों पर नई सरकार को लेकर एग्जिट पोल दिखाया जा रहा है। प्रमुख चैनलों के एग्जिट पोल में नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाले एनडीए की सत्ता में धमाकेदार वापसी का अनुमान लगाया गया है।

टाइम्स नाऊ/वीएमआर के मुताबिक, एनडीए को 306 सीटें मिलने की संभावना है। वहीं आजतक/एक्सिस माय इंडिया के शुरुआत आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र में क्लीन स्वीप के करीब है। चैनल के मुताबिक, मोदी लहर पर  सवार होकर भाजपा सत्ता में वापसी करने जा रही है। एनडीए को 368 सीटें तक जीत सकती है। वहीं टूडेज चाणक्य/न्यूज 24 ने भाजपा को 350 सीटें दी हैं। एबीपी-नीलसन के सर्वे में भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए को 277 सीटें दी गई हैं। उधर, रिपब्लिक/जन की बात ने एनडीए को 295 से 315 सीटें दी हैं। वहीं भाजपा को मिलने वाली सीटों का आंकड़ा 254 से 270 तक बताया गया है। 

रिपब्लिक/सी-वोटर का एग्जिट पोल भी एनडीए के बहुमत वाली सरकार बनने के स्पष्ट संकेत दे रहा है। इसकी मानें तो भाजपा की अगुआई वाला एनडीए गठबंधन 287 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी कर रहा है। कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूपीए 128 सीटें हासिल कर सकता है। महागठबंधन को 40 और अन्य को 87 सीटें मिल सकती हैं। 

हालांकि लोकसभा 2014 के चुनाव में लगभग सभी एग्जिट पोल मोदी लहर को भांपने में नाकाम रहे थे। टाइम्स नाउ-ओआरजी के एग्जिट पोल में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को 249 सीटें मिलनी की संभावना जताई गई थी। कांग्रेस को 148 सीटें और अन्य को 146 सीटें मिलने का दावा किया गया। वहीं इंडिया टुडे-सिसरो के अपने एग्जिट पोल में एनडीए को 261 से 283 सीटें मिलने का दावा किया था। साथ ही यूपीए को 110-120 सीटें और अन्य को 150 से 162 सीटें दी थीं। सीएनएन-आईबीएन-सीएसडीएस ने एनडीए को 270 से 282, यूपीए को 92 से 102 और अन्य को 159 से 181 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। इंडिया टीवी-सी वोटर के एग्जिट पोल में एनडीए को 289 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। वहीं यूपीए को सिर्फ 100 व अन्य के खाते में 153 सीटें बताई थीं। हालांकि परिणाम कुछ और ही आए। एनडीए ने 336, यूपीए ने 60 और अन्य ने 147 सीटों पर सफलता पाई।