अलवर-- बिहार के वरिष्ट नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए एक रैली के दौरान एक बार फिर से विवादों में आ गए हैं। शरद यादव ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर एक विवादित टिप्पणी की है। दरअसल, राजस्थान के अलवर में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन शरद यादव ने वसुंधरा राजे को 'मोटी' बताया और कहा कि उन्हें आराम देने की जरूरत है।

शरद यादव द्वारा दिए गए बयान पर राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पलटवार किया है। राजस्थान में आज मतदान हो रहा है। इस दौरान झालरापाटन में वोट डालने पहुंचीं वसुंधरा ने कहा कि शरद यादव ने जो कहा है वह महिलाओं का अपमान है।

वसुंधरा ने कहा कि वह इस बयान से स्तब्ध हैं, अगर इतना बड़ा नेता अपनी वाणी पर संयम नहीं रख पाए तो काफी बुरा लगता है। चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि वह हमने पांच साल विकास करने का काम किया है, हमें पूरी उम्मीद है कि राज्य में हमें बहुमत मिलेगा।'

 

शरद यादव की टिप्पणी का ये वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो पर कई लोगों ने नाराजगी भी जताई है। शरद यादव ने लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में वोट देने की अपील की और वसुंधरा सरकार को उखाड़ फेंकने को कहा।