महेंद्र सिंह धोनी की रिकॉर्ड बुक में एक और पन्ना दर्ज हो गया है। वह वनडे क्रिकेट में 10,000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों के क्लब में शामिल हो गए हैं। वह इस क्लब के 12वें सदस्य हैं। 
 क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाल लॉर्ड्स के मैदान पर धोनी ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में 33 रन बनाने के साथ ही यह उपलब्धि हासिल की। अब धोनी सचिन तेंदुलकर,  ब्रायन लारा, रिकी पोंटिंग, सनथ जयसूर्या, राहुल द्रविड़ और कुमार संगकारा जैसे खिलाड़ियों की बिरादरी में आ गए हैं। 

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर 18,426 रन के साथ इस सूची में सबसे आगे हैं। धोनी दुनिया के दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 10,000 वनडे रन बनाए हैं। उनसे पहले श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा यह कारनामा कर चुके हैं। भारत के लिए सचिव के अलावा राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली भी दस हजार वनडे रन बना चुके हैं। इस सूची की सबसे खास बात यह है कि इसमें शामिल सभी बल्लेबाज ऊपरी क्रम में खेलते रहे हैं, लेकिन धोनी ने अपनी करियर के ज्यादातर दौर में निचले क्रम में बल्लेबाजी की। धोनी को इस उपलब्धि पर दिग्गजों ने बधाई दी है।

वनडे में सबसे आगे सचिन

सचिन तेंदुलकर (भारत)               18,426 रन
कुमार संगकारा (श्रीलंका)             14,234 रन
रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया)             13,704 रन
सनथ जयसूर्या (श्रीलंका)               13,430 रन
महेला जयवर्धने (श्रीलंका)             12,650 रन
इंजमाम उल हक (पाकिस्तान)       11,739 रन
जैक्स कैलिस (दक्षिण अफ्रीका)      11,579 रन
सौरव गांगुली (भारत)                   11,363 रन
राहुल द्रविड़ (भारत)                    10,889 रन
ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज)               10,405 रन
तिलकरत्ने दिलशान (श्रीलंका)        10,290 रन
महेंद्र सिंह धोनी (भारत)                10,004*रन

वनडे में धोनी सबसे कामयाब कप्तान... 

धोनी छोटे फार्मेट में भारत के सबसे कामयाब कप्तान रहे हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 में पहला टी-20 विश्वकप, 2011 में वनडे विश्वकप और 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती है।