भारतीय सेना ने घुसपैठ करा रहे दो पाकिस्तानी सैनिक मार गिराए...

By Gursimran SinghFirst Published Aug 15, 2018, 4:21 PM IST
Highlights

सूत्रों ने 'माय नेशन' को बताया कि पाकिस्तान की हर हरकत का माकूल जवाब देने के लिए मुस्तैद जवानों को सुबह करीब 5 बजे एलओसी पर संदिग्ध हरकत नजर आई। पाकिस्तानी सेना हथियारबंद घुसपैठियों को कवर फायर दे रही थी। 

जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में स्वतंत्रता दिवस के दिन नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास भारतीय सेना की चौकी को निशाना बनाने की पाकिस्तान की साजिश को नाकाम कर दिया गया। सेना ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान के दो सैनिकों को मार गिराया। 

भारतीय सेना के सूत्रों ने 'माय नेशन' को  बताया कि पाकिस्तान की हर हरकत का माकूल जवाब देने के लिए मुस्तैद जवानों को सुबह करीब 5 बजे एलओसी पर  संदिग्ध हरकत नजर आई। जब सेना ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे पाकिस्तानियों को चुनौती दी तो उन्होंने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। पाकिस्तानी सेना ने भी उन्हें कवर देते हुए फायरिंग की। सेना ने भी इस नापाक हरकत पर करारा पलटवार किया। इस कार्रवाई में पाकिस्तान के दो सैनिक मारे गए। 

पाकिस्तान को सबक सिखाने की इस कार्रवाई में सेना के एक जवान घायल हुआ है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 

इस बीच सेना की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है, 'बुधवार सुबह करीब सवा पांच बजे सेना के मुस्तैद जवानों ने नौशेरा सेक्टर में एलओसी के पास संदिग्ध गतिविधि देखी। इसके बाद घुसपैठ की कोशिश करने वालों चुनौती दी गई। इस पर हथियारबंद घुसपैठियों ने सेना पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में सेना ने भी जोरदार पलटवार किया। घुसपैठियों को पाकिस्तानी सेना की पोस्ट से कवर फायर दी जा रही थी। दोनों ओर से हुई भीषण गोलीबारी में एक जवान जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। जहां उसकी हालत स्थिर है।'

दो दिन में यह दूसरी घटना है जब भारतीय सेना ने पाकिस्तान को मुहंतोड़ जवाब दिया है। 14 अगस्त को तंगधार सेक्टर में एलओसी के पास घुसपैठियों को कवर फायर देने की कोशिश कर रहे पाकिस्तान के दो सैनिकों को भारतीय फौज ने ढेर कर दिया था। 


 

click me!