मध्य प्रदेश और मिजोरम में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग संपन्न हो गई है। मध्य प्रदेश में जहां 74.61 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया वहीं पूर्वोत्तर के राज्य मिजोरम में 75 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, दोनों जगह मतदान का समय खत्म होने के बाद भी लोगों की लाइनें लगी हैं, इसलिए मतदान के अंतिम प्रतिशत में कुछ बदलाव हो सकता है। चुनाव उपायुक्त सुदीप जैन ने बताया कि मिजोरम में 75 फीसदी मतदाताओं ने वोट दिया। 

सुबह धीमी रफ्तार से शुरू होने के बाद मध्य प्रदेश में दोपहर बाद वोटिंग की रफ्तार बढ़ी। राज्य में दोपहर तीन बजे तक 50 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले थे। वहीं मिजोरम में दोपहर 3 बजे तक 58 प्रतिशत मतदाताओं ने किया अपने अधिकार का प्रयोग कर लिया था। मध्य प्रदेश में वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में 72.02 प्रतिशत वोट पड़े थे। वहीं मिजोरम में 81 प्रतिशत वोटिंग हुई थी।

इससे पहले, मध्य प्रदेश में कई जगह ईवीएम में खराबी की शिकायतें आईं। एक अधिकारी ने बताया कि वीवीपीएटी मशीनों में खराबी के चलते कुल 1545 मशीनें बदली गईं। दोनों राज्यों में मोटे तौर पर चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ लेकिन एमपी के भिंड जिले के अकोडा में वोटिंग के दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं। 

वहीं मतदान के बाद कांग्रेस नेता कमलनाथ के पंजा दिखाने पर विवाद भी हुआ। छिंदवाड़ा में अपना वोट डालने के बाद कांग्रेस नेता कमलनाथ ने अपना चुनावी प्रतीक पंजा दिखाने को लेकर कहा, 'मैं पहले ही अपना वोट डाल चुका था। जब लोगों ने और मीडिया ने मुझसे पूछा कि मैंने किसके लिए मतदान किया है, मैंने यह दिखाया (पंजा)। मुझे और क्या करना चाहिए था? कमल दिखाना था?'

भाजपा लगातार चौथी बार मध्य प्रदेश की सत्ता में आने के लिए कोशिश कर रही है, वहीं विपक्षी दल कांग्रेस पिछले 15 साल से सत्तारुढ़ भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का प्रयास कर रही है। भाजपा ने अबकी बार 200 पार का लक्ष्य तय किया है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी एल कांता राव ने बताया कि कुल 5,04,95,251 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे जिनमें 2,63,01,300 पुरुष, 2,41,30,390 महिला एवं 1,389 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। इनमें से 65,000 सर्विस मतदाता डाक मतपत्र से पहले ही मतदान कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस चुनाव के लिए 1,094 निर्दलीय उम्मीदवार सहित कुल 2,899 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 2,644 पुरूष, 250 महिलाएं एवं पांच ट्रांसजेंडर शामिल हैं।