नई दिल्ली : केन्द्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने यूपी, बिहार और बंगाल के रेल यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने ट्विटर पर जानकारी दी है कि भारतीय रेलवे दिल्ली-हावड़ा के लिए स्पेशल रेलवे ट्रैक का निर्माण कर रही है। जिसके बाद देश के इस सबसे व्यस्त रेल मार्ग पर 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन दौड़ेगी। 

अभी राजधानी जैसी बड़ी और प्रीमियम रेल गाड़ियां भी हावड़ा से दिल्ली पहुंचने में औसतन 17 घंटे(16.55 घंटे) का समय लेती हैं। 

रेलवे मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा की देश के व्यस्ततम मार्गों में से एक दिल्ली-हावड़ा के बीच में नया रेलमार्ग बनाया जायेगा। जिस पर ट्रेन 160 किलोमीट प्रति घंटा की गति से चलेगी, तथा दिल्ली से कोलकाता तक का सफर मात्र 12 घंटे में तय होगा। यह रेललाइन दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड के लिये वरदान साबित होगी।


हालांकि इस नए रेल रुट को तैयार होने में चार साल का वक्त लगेगा। यह नया रेलवे ट्रैक दिल्ली से शुरु होकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होते हुए गुजरेगा।  इसके बीच में कानपुर और लखनऊ रूट भी शामिल हैं। 

 दिल्ली से हावड़ा जंक्शन के बीच की दूरी 1525 किलोमीटर है। जिसे तय करने में फिलहाल   17 घंटे का समय लगता है। 

चार साल में इस काम को अंजाम देने के बाद देश के सभी महानगरों  यानी दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता को हाई स्पीड ट्रैक से जोड़े जाने की योजना है। इन सभी बड़े शहरों के बीच 160 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन चलेगी। 

इस रुट पर 60 फीसदी मालगाड़ियां चलती है और 52 लाख मुसाफिर सफर करते हैं। इतने ज्यादा रेल ट्रैफिक के बीच हाई स्पीड ट्रेन चलाना रेलवे के लिए बड़ी चुनौती है।