नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए महज डेढ़ हफ्ता ही बचा है। लेकिन अभी तक गांधी परिवार ने चुनाव के प्रचार के लिए मैदान में नहीं उतरा है जबकि भाजपा के आला नेता चुनाव में प्रचार के लिए रात दिन एक किए हुए हैं। हालांकि दिल्ली विधानसभा के प्रचार के लिए दिल्ली में राहुल गांधी से ज्यादा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की डिमांड है। कांग्रेस ने इन दोनों को स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है। लेकिन अभी तक गांधी परिवार के किसी भी सदस्य ने प्रचार शुरू नहीं किया है।

दिल्ली में आठ फरवरी को मतदान होना है। दिल्ली में सभी राजनैतिक दल प्रचार में जुटे हैं। चाहे आप हो या फिर भाजपा। सभी में आगे चल रहे हैं। लेकिन कांग्रेस के बड़े नेता अभी तक चुनाव प्रचार से दूर दिख रहे हैं। राहुल गांधी ने आज जयपुर में रैली की। लेकिन उन्होंने दिल्ली में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार नहीं किया है। प्रिंयका गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के साथ रायबरेली तो आ रही हैं. लेकिन उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस के प्रत्याशियों के लिए प्रचार शुरू नहीं किया है। कुछ ऐसा ही सोनिया गांधी के साथ है। वह भी चुनाव मैदान में प्रचार के लिए नहीं उतरी हैं। हालांकि सोनिया और गांधी परिवार ने महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में ज्यादा प्रचार नहीं किया था।

वहीं दिल्ली में कांग्रेस के प्रत्याशी चुनाव प्रचार के लिए सबसे ज्यादा प्रियंका गांधी की ही डिमांड कर रहे हैं। प्रियंका का तुलना में राहुल गांधी की कम डिमांड हैं। दिल्ली में कांग्रेस 70 में से 66 पर चुनाव लड़ रही हैं, जबकि चार सीटें उनसे राजद को दी हैं। इन 66 सीटों पर हर कोई प्रियंका गांधी को प्रचार के लिए बुलाना चाह रहा है जबकि अब चुनाव प्रचार में महज डेढ़ हफ्ते का समय बचा हुआ है। कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। जिसमें से ज्यादा प्रत्याशी दिल्ली में प्रियंका गांधी का रोड शो या रैली कराने की मांग कर रहे हैं।

हालांकि दिल्ली की ज्यादातर सीटों पर पूर्वांचल के लोगों का असर है। लिहाजा प्रत्याशी कांग्रेस नेता और फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा को बुलाना चाह रहे हैं। वहीं सिख बाहुल्य इलाकों में कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की मांग है। हालांकि अभी तक दोनों नेताओं ने प्रचार नहीं किया है। पार्टी  के ज्यादातर प्रत्याशी प्रियंका, राहुल के बाद सबसे ज्यादा शत्रुघ्न सिन्हा और सिद्धू  की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस से मिला जानकारी के मुताबिक कांग्रेस प्रत्याशियों ने  20 विधानसभा में सिद्धू की मांग की है। वहीं हरियाणा से सटे विधानसभा सीटों पर जाट नेता भूपेंद्र हुड्डा की मांग है।