फिनलैंड के टेम्पेरे में चल रहे वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप में महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में भारत की हिमा दास ने स्वर्ण जीत कर इतिहास रचा दिया। हिमा ने फाइनल में 51.46 सेकेंड का समय निकालते हुए जीत हासिल की। हिमा इस चैंपियनशिप में सभी आयु वर्गो में स्वर्ण जीतने वाली भारत की पहली महिला बन गई हैं।

इससे पहले 2016 में भाला फेंक प्रतियोगिता में स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा विश्व रिकॉर्ड प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता था। हिमा इस प्रतियोगिता के इतिहास में ट्रैक पर स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली खिलाड़ी हैं। 

विश्व जूनियर चैंपियनशिप में इससे पहले भारत की तरफ से सीमा पूनिया ने 2002 और नवजीत कौर ढिल्लों  ने 2014 में चक्का फेंक में कांस्य पदक जीता था।

हिमा मौजूदा अंडर 20 सत्र में सर्वश्रेष्ठ समय निकाला था और वह खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रहीं थी। वह इसी साल अप्रैल में गोल्ड कोस्ट में हुए राष्ट्रमंडल खेलों की 400 मीटर स्पर्धा में 51.32 सेकेंड के भारतीय अंडर 20 रिकॉर्ड के साथ छठे स्थान पर रही थी।

इसके बाद गुवाहाटी में हाल में राष्ट्रीय अंतर राज्य चैंपियनशिप में उन्होंने 51.13 सेकेंड के साथ अपने इस रिकॉर्ड में सुधार किया।