राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई। राज्य में 70 फीसदी से ज्यादा लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। इसके बाद जारी एक्जिट पोल में राज्य में कांग्रेस को भाजपा पर बढ़त बताई जा रही है। विभिन्न चैनलों के एग्जिट पोल के मुताबिक, रिपब्लिक/जन की बात राजस्थान में भाजपा को 83-103, कांग्रेस को 81-101 और अन्य को 15 दे रहा है। वहीं इंडिया टुडे/एक्सिस  भाजपा को 55-72, कांग्रेस को 119-141और अन्य को 4-11 सीटें मिलने का अनुमान जता रहा है। टाइम्स नाउ/सीएनएक्स  के एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को 85, कांग्रेस को 105 और अन्य 9 सीटें मिलने का अनुमान है। एक अन्य चैनल न्यूज24/पेस मीडिया  के मुताबिक भाजपा को 70-80, कांग्रेस को 10-120 तथा अन्य को 5-15 सीटें मिल सकती हैं। एबीपी/सीएसडीएस ने अपने एग्जिट पोल में भाजपा को 83, कांग्रेस को 101 और अन्य को 15 सीटें दी हैं। दिलचस्प है कि भाजपा को चुनाव पूर्व हुए ओपनियन पोल में पूरी तरह से खारिज बताया जा रहा था, लेकिन पार्टी आक्रामक प्रचार के जरिये अपनी काफी सीटें बचाने में सफल रही है। 

साल 2013 में हुए विधानसभा चुनाव पर नजर डालें तो भाजपा ने यहां प्रचंड जीत दर्ज की थी, जिसका असर 2014 के लोकसभा चुनाव में भी दिखा था। 2014 के लोकसभा चुनाव में राज्य में भाजपा ने सभी 25 सीटें जीत ली थीं।  राजस्थान में विधानसभा की कुल 200 सीटे हैं। यहां सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी के पास 101 विधायकों को समर्थन चाहिए। यहां की 200 विधानसभा सीटों में से 142 सामान्य हैं, इसके अलावा अनुसुचित जाति के लिए 33 और जनजाति के लिए 25 सीटें आरक्षित हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 163 सीटें जीती थीं। कांग्रेस के खाते में 21 और बसपा के खाते में तीन सीटें गई थीं। भाजपा को 45.50 फीसदी, कांग्रेस को 33.31 और बसपा को 3.48 फीसदी वोट मिले थे। इस चुनाव में कुल 25 महिलाएं निर्वाचित हुई थी इसमें से 19 भाजपा की थी।

एक नजर पिछले चुनाव पर