नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस हफ्ते 17वें लोकसभा चुनावों के लिए वोटिंग कराई जाएगी। दिल्ली की 7 सीटों पर जहां राजनीतिक तापमान में इजाफा हो रहा है वहीं दिल्ली में झुलसाने वाली गर्मी पड़ना शुरू हो गया है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में मौसम विभाग का पारा 43 डिग्री तापमान का स्तर पार कर चुका है।

मौसम विभाग के मुताबिक सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो इस मौसम के औसत से तीन डिग्री अधिक है। इस वेधशाला में रिकार्ड किये गये तापमान को शहर के लिए आधिकारिक आंकड़ा समझा जाता है।

विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।

पालम में 43 डिग्री, लोधी रोड में 41.8, रिज क्षेत्र में 42.4 और आयानगर में 42.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

आर्द्रता 71 और 29 फीसदी के बीच रही।

मौसम विभाग ने बुधवार को आसमान साफ रहने और दिन में धूल भरी हवा चलने का अनुमान व्यक्त किया है।

मौसम विज्ञानियों ने कहा, ‘‘ अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 और 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।’’ 

भारतीय मौसम विभाग के क्षेत्रीय मौसम केंद्र के प्रमुख बी पी यादव ने कहा कि अगले दो दिनों के दौरान पारा के और चढ़ने की संभावना है क्योंकि हमें वर्षा या गरज के साथ बौछारें पड़ने की गुंजाइश नजर नहीं आती है। लू भी चलने की संभावना है।

सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा था।

दिल्ली का राजनीतिक पारा

दिल्ली में 7 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव 12 मई रविवार को मतदान कराए जाएंगे। इस मतदान में राज्य के 1.43 करोड़ से अधिक मतदाता अपना वोट देंगे। इनमें 78,73,022 पुरुष और 64,42,762 महिला मतदाता हैं।

महिलाओं की अधिक से अधिक वोटिंग कराने के लिए चुनाव आयोग ने दिल्ली में सातों संसदीय क्षेत्रों के लिए 17 स्पेशल वोटिंग सेंटर स्थापित किया है।

इन सेंटर्स में एक पीठासीन अधिकारी से लेकर अन्य सभी कर्मचारी केवल महिलाएं ही होंगी। 

चुनाव आयोग ने कोशिश की है कि सभी संसदीय क्षेत्रों में कम से कम एक स्पेशल वोटिंग सेंटर हो जिससे महिलाओं को पोलिंग बूथ पर परेशानी न उठानी पड़े।

गौरतलब है कि दिल्ली में 2,696 जगहों पर कुल 13,819 वोटिंग सेंटर बनाए जा रहे हैं और खास बात है कि राज्य में सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक मॉडल वोटिंग सेंटर होगा।