कैंसर से उबर रहे अभिनेता इरफान खान, फैंस को ट्वीट कर के कहा शुक्रिया

By Team MyNationFirst Published Apr 3, 2019, 5:50 PM IST
Highlights

एक दिन पहले इरफान मुंबई एयरपोर्ट पर देखे गए थे। लंबे समय से उनकी बीमारी को लेकर कोई जानकारी न मिल पाने के कारण उनके फैंस में निराशा थी लेकिन इरफान के एक ट्वीट ने उनके फैंस को राहत दी है। 

बॉलीवुड के सबसे दमदार अभिनेताओं में गिने जाने वाले इरफान खान लंबी बीमारी से उबर रहे हैं। उन्होंने खुद अपने फैंस को यह खुशखबरी दी है। एक साल पहले इरफान को न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर (एक प्रकार का कैंसर) होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद वह इलाज कराने के लिए विदेश चले गए। अपने चहेते स्टार को उनके फैंस सोशल मीडिया पर लगातार संदेश भेजते रहे। 

अब इरफान ने खुद अपने ठीक होने की पुष्टि की है। साथ ही मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहने के लिए प्रशंसकों और दोस्तों का शुक्रिया अदा किया है। एक दिन पहले इरफान मुंबई एयरपोर्ट पर देखे गए थे। लंबे समय से उनकी बीमारी को लेकर कोई जानकारी न मिल पाने के कारण उनके फैंस में निराशा थी लेकिन इरफान के एक ट्वीट ने उनके फैंस को राहत दी है। 

इरफान ने लिखा है, 'हम जीतने की आपाधापी में भूल जाते हैं कि प्यार पाने का क्या मतलब होता है। जब हम मुश्किल में होते हैं, तब हमें इसका एहसास होता है। अब में जिंदगी में आए इस दौर से जब आगे बढ़ रहा हूं तो मैं एक पल रुक कर प्यार और साथ देने के लिए आप सबका शुक्रिया करना चाहता हूं। वास्तव में मुझे स्वस्थ होने में इससे मदद मिली है। इसलिए मैं तहे दिल से आपका शुक्रिया अदा करने के लिए लौटा हूं।'

pic.twitter.com/d4Osol3NvP

— Irrfan (@irrfank)

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता इरफान ने पांच मार्च, 2018 को पहली बार अपनी बीमारी के बारे में जानकारी दी थी। तब उन्होंने कहा था कि वह एक दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे हैं। हालांकि अभी इसके लिए कुछ टेस्ट होने बाकी हैं। इसके बाद उन्होंने खुलासा किया था कि वह न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर से पीड़ित हैं। यह एक तरह का कैंसर है, जो शरीर के विभिन्न हिस्सों पर असर करता है। 

पिछले साल अक्टूबर में इरफान के एक प्रवक्ता ने कहा था कि वह दिवाली के बाद वापस आ जाएंगे।  हालांकि उनके प्रतिनिधियों ने उन खबरों का खंडन किया है, जिनमें कहा गया है कि इरफान जल्द ही अपनी फिल्म 'हिंदी मीडियम 2' की शूटिंग शुरू करने वाले हैं।

click me!