सुपरस्टार रजनीकांत ने माफी मांगी तो निकल पड़े जैकी श्रॉफ के आंसू, जानिए क्या है पूरा मामला

First Published Aug 6, 2023, 6:17 PM IST

एंटरटेनमेंट डेस्क. रजनीकांत स्टारर तमिल फिल्म 'जेलर' 10 अगस्त को पैन इंडिया रिलीज हो रही है। इससे पहले फिल्म के कलाकार इसके प्रमोशन में व्यस्त हो गए हैं। फिल्म में बतौर विलेन रजनीकांत के साथ स्क्रीन शेयर कर रहे जैकी श्रॉफ ने इसी सिलसिले में एक न्यूज वेबसाइट से बात की। 

जैकी श्रॉफ ने रजनीकांत के उस जेस्चर का खुलासा किया, जिसने उन्हें इमोशनल कर दिया। उन्होंने इंटरव्यू में बताया कि रजनीकांत फिल्म 'जेलर' की शूटिंग पूरी होने के बाद उनसे विदा लेना भूल गए थे। इसके लिए रजनी ना केवल सेट पर लौट कर आए, बल्कि उन्होंने उनसे माफी भी मांगी।

जैकी श्रॉफ ने बताया, "सब कुछ बदल गया। लेकिन रजनीकांत गुरु (भाई) वैसे के वैसे हैं। उनकी विनम्रता और सभी के प्रति सम्मान सालों से सतत रूप से बना हुआ है। वे अब तक के सबसे विनम्र सुपरस्टार हैं। उनका स्टारडम हिट और फ्लॉप से परे है।"

जैकी आगे कहते हैं, "जब कोई उनके साथ काम करता है, उसका अनुभव समृद्ध होता है। स्क्रीन पर रजनी गुरु अलग ही इंसान होते हैं। जब भी वे फिल्म में नजर आते हैं, उनका कंप्लीट ट्रांसफॉर्मेशन होता है।"

बकौल जैकी, "जैसे ही वे किरदार से बाहर आते हैं, वे पहले की तरह हो जाते हैं। उनकी स्टाइल, जिस तरह वे चलते हैं, जिस तरह वे बात करते हैं, जैसे वे दिखते हैं, जिस तरह वे अपने चश्मे के साथ सबकुछ करते हैं, उनके पास जो कुछ भी प्रॉपर्टी है, मेरे ख्याल से वह शानदार है।"

जैकी ने आगे कहा, "मुझे याद है कि उन्होंने दिन का अपना शूट पूरा किया और अपने घर जाने लगे। मेरे कुछ सीन शूट होने बाक़ी थे। वे अपनी कार में बैठ गए थे, लेकिन उन्होंने वापस आने का फैसला लिया। क्योंकि उन्होंने मुझे 'Bye' नहीं कहा था।"

बकौल जैकी, "वे वापस आए और बोले- 'माफ़ करना मैं आपको गुडबाय कहना भूल गया था। अगर आपको मेरी जरूरत हो तो मैं रुक जाता हूं।' मेरी आंखों में लगभग-लगभग आंसू आ गए थे। लेकिन मैंने अपने इमोशंस पर काबू रखा। ऐसी फिल्म में काम करना बेहद ख़ुशी की बात है, जिसमें उनकी मुख्य भूमिका है और मैं गेस्ट अपीयरेंस में हूं।"

जैकी श्रॉफ कहते हैं, "हमने जो कुछ भी किया, उसके हर हिस्से को एन्जॉय किया। क्योंकि उन्होंने हमें प्यार दिया। ढेर सारा प्यार और सम्मान दिया। उन्होंने हमारा ख्याल अपने परिवार के सदस्यों की तरह रखा।"

जेलर डायरेक्टर नेल्सन दिलीप कुमार की फिल्म है, जिसमें रजनीकांत हीरो और जैकी श्रॉफ विलेन के तौर पर दिखेंगे। फिल्म में मोहनलाल, शिवा राजकुमार, तमन्ना भाटिया और राम्या कृष्णन जैसे स्टार्स की भी अहम भूमिका है। 

click me!