
पिछली दिवाली से एक दिन पहले अयोध्या में दीपोत्सव का अद्भुत दृश्य देखने को मिला था। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सरयू नदी के किनारे करीब 1.87 लाख से ज्यादा दीपक रोशन किए गए थे। इस बार यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या को एक बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं।
यूपी सरकार अयोध्या में भगवान राम की 108 मीटर लंबी मूर्ति लगवाने जा रही है। इस साल दिवाली पर योगी आदित्यनाथ इसकी आधारशिला रख सकते हैं।
अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति लगाने की घोषणा राज्य सरकार की ओर से कुछ समय पहले की गई थी। तय कहा गया था कि यह 100 मीटर ऊंची होगी। लेकिन अब इसकी ऊंचाई को बढ़ाकर 108 मीटर कर दिया गया है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, 108 के अंक को काफी शुभ माना जाता है।
इस परियोजना की आधारशिला छह नवंबर को रखे जाने की संभावना है। यह संयोग की बात है कि दीपावली की पूर्व संध्या पर उसी दिन यहां 'दीपोत्सव' का कार्यक्रम होना है। पिछली बार दीपोत्सव के आयोजन को काफी सराहा गया था। राम की मूर्ति लगाने के लिए निजी कंपनियों से सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉसिबिलिटी) कैटेगिरी में धन देने का अनुरोध किया गया है।
राज्य सरकार की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इस परियोजना पर लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें राम की विराट प्रतिमा के साथ-साथ एक संग्रहालय, आर्ट गैलरी, थियेटर और अन्य सुविधाएं भी होंगी।
दरअसल, योगी आदित्यनाथ सरकार प्राचीन और हिंदुओं की आस्था की नगरी अधोध्या को एक नया स्वरूप देना चाहती है। इसके तहत अयोध्या में कई आधुनिक और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की गई है। राज्य सरकार को कोशिश इस धार्मिक नगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने की है। इसलिए राम की नगरी अयोध्या में भगवान राम से जुड़ी कई योजनाएं शुरू की जा रही हैं।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।