राहुल नहीं प्रियंका हैं मध्य प्रदेश कांग्रेस की पसंद, भोपाल से चुनाव लड़ाने की मांग

Arjun Singh |  
Published : Jan 22, 2019, 08:22 PM IST
राहुल नहीं प्रियंका हैं मध्य प्रदेश कांग्रेस की पसंद, भोपाल से चुनाव लड़ाने की मांग

सार

 प्रियंका गांधी को भोपाल से चुनाव लड़ाने की बात ऐसे समय में हो रही है जब उन्हें यूपी में 'सरप्राइज' के तौर पर उतारने पर कांग्रेस में मंथन हो रहा है।   

मध्य प्रदेश का सियासी समर जीतने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ गया है। पिछले दिनों पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय नेतृत्व से मांग की थी कि भोपाल से अभिनेत्री करीना कपूर को कांग्रेस की ओर से 2019 के समर में उतारा जाए। हालांकि कुछ ही दिन में कार्यकर्ताओं की पसंद बदल गई है। अब भोपाल में बाकायदा पोस्टर लगाकर प्रियंका गांधी को चुनाव लड़वाने की मांग की गई है। 

इस पोस्टर में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, दिवंगत पीएम इंदिरा गांधी, राजीव गांधी के साथ-साथ संजय गांधी का भी फोटो लगा हुआ है। पोस्टर में लिखा है, 'परम आदरणीय प्रियंका गांधी जी को भोपाल लोकसभा से उम्मीदवार बनाया जाए।' प्रियंका को चुनाव लड़ाने की बात ऐसे समय में हो रही है जब उन्हें यूपी में 'सरप्राइज' के तौर पर उतारने पर कांग्रेस में मंथन हो रहा है। 

कुछ दिन पहले कांग्रेस के यूपी प्रभारी व वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा था कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस व भाजपा की सीधी लड़ाई है। हम यूपी की सभी 80 सीटों पर पूरी क्षमता के साथ चुनाव लड़ेंगे और परिणामों से सबको चौंका देंगे। 

लंबे अर्से से प्रियंका गांधी को मुख्यधारा की राजनीति में लाने को लेकर चर्चा हो रही है। ऐसे में कुछ सूत्रों का कहना है कि साल 2019 के चुनावों में इन अटकलों पर विराम लग सकता है। कांग्रेस में अंदरखाने यह चर्चा जोरों पर है कि इस बार रायबरेली सीट पर सोनिया गांधी की जगह प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ा दिया जाए। सोनिया लगातार अस्वस्थ हैं और सियासी सरगर्मियों से दूरी भी बना रही हैं। राहुल ने कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी पूरी तरह संभाल ली है। अब जबकि पूरी तरह 2019 का रण मोदी बनाम राहुल होगा तो प्रियंका को मुख्यधारा में लाना कांग्रेस के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

प्रियंका गांधी चुनावी गतिविधियों में शामिल रही हैं। लेकिन उनका दायरा अमेठी और रायबरेली तक सीमित रहा। उन्होंने इन दोनों सीटों पर ही चुनाव प्रचार किया है। रायबरेली सीट कांग्रेस के लिए सबसे सुरक्षित मानी जाती है। केवल आपातकाल के बाद इंदिरा गांधी ने यह सीट गंवाई थी। अन्यता जब-जब कांग्रेस इस सीट पर चुनाव लड़ी, हमेशा जीती। इससे पहले इलाहाबाद व कई अन्य जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ता पोस्टर लगाकर प्रियंका को कांग्रेस का नेतृत्व देने की वकालत कर चुके हैं।

बहरहाल, मध्य प्रदेश की बात करें तो बॉलीवुड अभिनेत्री और पटौदी खानदान की बहू करीना कपूर को भोपाल से चुनाव लड़ाने पर विचार की चर्चा हो रही थी। यहां तक दावा किया गया कि पार्टी के कुछ नेता ऐसा चाहते हैं और उन्होंने अपनी इच्छा से राहुल गांधी को अवगत करा दिया है। दरअसल, करीना के पति अभिनेता सैफ अली खान के पिता मंसूर अली खान पटौदी का जन्म भोपाल में हुआ था। उन्होंने 1991 में यहां से चुनाव भी लड़ा था लेकिन भाजपा के सुशील चंद्र वर्मा से हार गए थे। 

बॉलीवुड अभिनेत्री करीना के अलावा सलमान खान को भी पार्टी का टिकट दिए जाने की मांग हो रही है। मिनी मुंबई कहे जाने वाले इंदौर से दबंग खान कहे जाने वाले सलमान के लिए पैरवी हो रही है। कांग्रेस प्रदेश सचिव राकेश यादव ने कुछ समय पहले कहा कि सलमान के नाम पर कांग्रेस पार्टी में मंथन चल रहा है। दरअसल, सलमान खान का जन्म इंदौर में ही हुआ था। उन्होंने अपने बचपन का काफी समय इंदौर में बिताया है। वह समय-समय पर इंदौर आते-जाते भी रहे हैं।

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

CR Patil Birthday: सूरत में 5100 बेटियों को 7500 रुपये के चेक, 1.25 लाख विद्यार्थियों को नोटबुक वितरित
Surat Google Workspace Training: सार्वजानिक विश्वविद्यालय में 9 दिन का FDP, शिक्षकों-कर्मचारियों को मिला डिजिटल प्रशिक्षण