नीतीश से विरोध अनंत सिंह को पड़ रहा है भारी, हत्या की साजिश का एक और केस दर्ज

Published : Jul 24, 2019, 06:12 PM IST
नीतीश से विरोध अनंत सिंह को पड़ रहा है भारी, हत्या की साजिश का एक और केस दर्ज

सार

बिहार के मोकामा के दबंग विधायक अनंत सिंह का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से विद्रोह करना भारी पड़ रहा है। उनके खिलाफ हत्या की साजिश रचने का एक और मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में सबूत इकट्ठा कर रही है।   

पटना: अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। उनपर आरोप है कि उन्होंने बिहार के कुख्यात अपराधी भोला सिंह की हत्या की साजिश रची।  दरअसल पुलिस ने 14 जुलाई को बाढ़ अनुमंडल के पंडारक से तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया था। यह लोग हथियार के साथ भोला सिंह और उसके भाई मुकेश सिंह की हत्या के लिए पंडारक पहुंचे थे। 

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने इन लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने कहा कि वह लोग अनंत सिंह के इशारे पर भोला सिंह को मारने के लिए आए थे। इन लोगों को अत्याधुनिक हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि यह हथियार भी उन्हें अनंत सिंह के लोगों ने ही दिए थे। 

गिरफ्तार अपराधियों ने अनंत सिंह समेत 10 लोगों का नाम लिया है। जिसके बाद पुलिस उन सभी नामों के सत्यापन और सबूत इकट्ठा करने में लग गई है। 

खास बात यह है कि पुलिस ने जिस भोला सिंह की हत्या की साजिश रचने का आरोप अनंत सिंह पर लगाया है, वह भोला सिंह पटना के टॉप फाइव शातिर अपराधियों में आता है और पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक फरार घोषित है। लेकिन उसकी हत्या की साजिश रचने के आरोप में अनंत सिंह पर मामला दर्ज किया गया है। 

दरअसल अनंत सिंह हाल के समय में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद नजदीकी माने जाते थे। लेकिन छेड़खानी के आरोप में एक यादव युवक की हत्या के बाद उस समय नीतीश सरकार में शामिल आरजेडी के नेताओं ने अनंत सिंह की गिरफ्तारी के लिए बहुत ज्यादा दबाव बनाया था। जिसके बाद अनंत को गिरफ्तार किया गया और नीतीश से उनके संबंध खराब हो गए। 

यह दुश्मनी तब और ज्यादा बढ़ी जब अनंत सिंह ने नीतीश से विद्रोह करते हुए कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा। नीतीश इससे बेहद नाराज हुए क्योंकि अनंत सिंह ने नीतीश के खासमखास ललन सिंह की पत्नी को मुंगेर लोकसभा सीट से चुनौती दे दी थी। हालांकि अनंत सिंह यह चुनाव जीत नहीं पाए। लेकिन मुख्यमंत्री से दुश्मनी अब उन्हें भारी पड़ रही है। 


 

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

Pride of Gujarat Award 2026: Ajay's Café ने जीता 'लीडिंग कैफे चेन ऑफ द ईयर' अवॉर्ड, CM भूपेंद्र पटेल ने दिया सम्मान
Parkside Premier league 2.0: सूरत इको पार्कसाइड में क्रिकेट का महाकुंभ, महिलाओं की एंट्री बनी सबसे बड़ा आकर्षण