राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 152 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की

Published : Nov 16, 2018, 09:39 AM IST
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 152 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की

सार

कांग्रेस की इस लिस्ट में पिछली बार जीते सभी विधायकों को टिकट दिया गया है। बीजेपी से टिकट कटने के बाद एक दिन पहले ही कांग्रेस में शामिल हुए विधायक हबीबुर्रहमान को कांग्रेस ने नागौर से टिकट दिया है।

नई दिल्ली—राजस्थान में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए लंबे इंतजार के बाद आखिरकार गुरुवार देर रात कांग्रेस ने अपने 152 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पहली सूची में कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं का नाम है।

इसमें टोंक विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट चुनाव लड़ रहे हैं जबकि पार्टी महासचिव अशोक गहलोत अपनी परंपरागत सीट जोधपुर के सरदारपुरा से चुनाव लड़ेंगे।

गहलोत और पायलट ने पहले ही विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिये थे। कांग्रेस ने राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष गिरिजा व्यास को उदयपुर से, वहीं वरिष्ठ नेता सीपी जोशी को नाथद्वारा से चुनाव मैदान में उतारा है।

राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता रामेश्वर लाल डूडी नोखा सीट से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। बुधवार को ही भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुये सांसद हरीश मीणा को देवली उनियारा से मैदान में उतारा गया है।

 

भंवरी देवी कांड में जेल में बंद महिपाल मदेरणा की बेटी दिव्या मदेरणा को भी जोधपुर के ओसियां से विधानसभा में उतारा गया है। कांग्रेस के दूसरे बड़े नेता सीपी जोशी एक बार फिर से नाथद्वारा सीट से अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

कांग्रेस की इस लिस्ट में पिछली बार जीते सभी विधायकों को टिकट दिया गया है। बीजेपी से टिकट कटने के बाद एक दिन पहले ही कांग्रेस में शामिल हुए विधायक हबीबुर्रहमान को कांग्रेस ने नागौर से टिकट दिया है।इसके अलावा अशोक गहलोत के पिछले मंत्रिमंडल में शामिल ज्यादातर मंत्रियों को टिकट दिया गया है।

पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति के महासचिव मुकुल वासनिक ने सूची जारी की।
 

PREV

Recommended Stories

एस. आर. लुथरा इंस्टिट्यूट में ‘आत्मनिर्भर भारत’ पर तृतीय छात्र सम्मेलन, 7 टीमों ने प्रस्तुत किए शोध पत्र
Inter School-Club Taekwondo Championship Surat: 16-18 जनवरी तक सूरत के 2000 खिलाड़ियों का महाकुंभ