यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, आठ लोगों की मौत

Published : Mar 29, 2019, 10:20 AM IST
यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, आठ लोगों की मौत

सार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध नगर पुलिस और प्रशासन के प्रमुखों को पीड़ितों को शीघ्र सहायता मुहैया कराने का आदेश दिया है। 

ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक निजी बस ने सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक को टक्कर मार दी जिससे आठ लोगों की मौत हो गई और कम से कम 20 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लखनऊ में अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध नगर पुलिस एवं प्रशासन के प्रमुखों को निर्देश दिया है कि वे पीड़ितों को शीघ्र सहायता मुहैया कराए। पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘बस आगरा से नोएडा जा रही थी। हादसा तड़के करीब पांच बजे रबूपुरा थाना क्षेत्र में हुआ। बस ओरैया डिपो की थी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य लोग घायल हो गए।’’ 

इसमें कहा गया है कि दुर्घटनास्थल पर पुलिसकर्मी मौजूद हैं और पीड़ितों को निकटवर्ती जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लखनऊ में एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने ग्रेटर नोएडा में बस हादसे का संज्ञान लिया है जिसमें आठ लोगों की मौत हुई है।’’ 

अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस को हर प्रकार की सहायता मुहैया कराने का निर्देश दिया है। जिला मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।’’ 

गौतम बुद्ध नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना रबूपुरा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मृतकों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना के चलते यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ी देर तक यातायात बाधित रहा।

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

21BY72 Season 5: सूरत बना स्टार्टअप हब, निवेशकों और युवाओं का महाकुंभ
World Motorcycle Day: Ajay's Cafe और GMRA की अनोखी पहल, सुरक्षित राइडिंग का बड़ा संदेश