शर्मनाक, अस्पताल प्रबंधन पर इलाज का बिल ना चुकाने पर शव देने से इनकार करने का आरोप (वीडियो)

Sep 14, 2018, 10:41 AM IST

हरियाणा के यमुनानगर में इलाज का बिल ना देने पर इलाजरत महिला की मौत के बाद अस्पताल स्टाफ द्वारा शव देने से मना करने का मामला सामने आया है। महिला की मौत के बाद आर्थिक रूप से कमजोर परिजनों को मजबूर होकर चंदा मांगना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ितों को महिला की डेड बॉडी सुपुर्द करवाई।

बता दें कि उल्टी व दस्त से पीड़ित 30 वर्षीय संजू देवी की मैक्सवेल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन जब शव ले जाने लगे, तो स्टाफ ने 29 हजार रुपये का बिल बनाकर उनके सामने रख दिया। परिजनों पर पैसे नहीं थे। आरोप है कि स्टाफ ने शव देने से मना कर दिया। मृतका के पति शेरू ने अपने परिचितों को इस बारे में बताया। मामले की सूचना मिलते ही मीडिया पहुंच गई। मीडिया को देख परिजनों ने हंगामा कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर अस्पताल के डॉक्टरों ने बिना कोई पैसा लिए शव परिजनों को दे दिया।