दिग्विजय को नहीं मिली पसंद की सीट, भोपाल से ही लड़ना होगा चुनाव

Published : Mar 24, 2019, 11:05 AM ISTUpdated : Mar 24, 2019, 11:28 AM IST
दिग्विजय को नहीं मिली पसंद की सीट, भोपाल से ही लड़ना होगा चुनाव

सार

कांग्रेस की 38 उम्मीदवारों की नई सूची जारी। राजगढ़ से चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके दिग्विजय को कमलनाथ के कहने पर भोपाल से उतारा गया। भाजपा का गढ़ मानी जाती है भोपाल लोकसभा सीट।  

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तराखंड और मणिपुर में लोकसभा की 38 और सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से शनिवार रात जारी सूची के मुताबिक पार्टी ने वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को भोपाल से उम्मीदवार बनाया है। इसे मध्य प्रदेश कांग्रेस में कमलनाथ बनाम दिग्विजय सिंह माना जा रहा है। दरअसल, दिग्विजय राजगढ़ से चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके थे। लेकिन पार्टी ने कमलनाथ की 'सलाह' पर दिग्विजय को भाजपा का गढ़ कही जाने वाली भोपाल लोकसभा सीट से उतार दिया। 

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने एक दिन पहले ही कहा था कि 'राज्यसभा में मेरा कार्यकाल 2020 तक है लेकिन पार्टी मुझे लोकसभा चुनाव लड़ाना चाहे तो मेरी पहली पसंद राजगढ़ सीट होगी। हालांकि, जहां से पार्टी कहेगी मैं वहां से भी चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं।' 

दरअसल, मध्य प्रदेश के सीएम कमलनाथ ने दिग्विजय को लेकर सियासी बिसात बिछाते हुए कहा था कि उन्हें किसी कठिन सीट से चुनाव लड़ना चाहिए। कमलनाथ की इस अपील को केंद्रीय चुनाव समिति ने मंजूर भी कर लिया। अब दिग्विजय के सामने भोपाल से ही चुनाव लड़ने का विकल्प बचा है।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भी राज्य की नैनीताल-उधमसिंह नगर सीट से टिकट दिया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण एक बार फिर से नांदेड़ से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली को कर्नाटक के चिकबल्लापुर लोकसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। वहीं लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को राज्य की गुलबर्गा सीट से पार्टी ने फिर अपना उम्मीदवार बनाया है।

कांग्रेस ने उत्तराखंड में भाजपा के वरिष्ठ नेता बी सी खंडूरी के बेटे मनीष को गढ़वाल संसदीय सीट से टिकट दिया है। मनीष हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। राहुल गांधी की करीबी मीनाक्षी नटराजन को मध्य प्रदेश की मंदसौर सीट से पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि रतलाम संसदीय सीट से कांतिलाल भूरिया पार्टी के प्रत्याशी होंगे।

पार्टी के पूर्व प्रवक्ता राशिद अलवी को उत्तर प्रदेश के अमरोहा से टिकट दिया गया है। नई सूची में कर्नाटक में 18, मध्य प्रदेश में नौ, महाराष्ट्र में एक, उत्तर प्रदेश में तीन, उत्तराखंड में पांच और मणिपुर में दो उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। 

पार्टी ने लोकसभा उम्मीदवारों की यह आठवीं सूची जारी की है। कांग्रेस सात चरणों में 11 अप्रैल से शुरू होकर 19 मई तक चलने वाले 543 सदस्यीय लोकसभा के चुनावों के लिए अब तक 218 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। इन चुनावों के लिए मतगणना 23 मई को होगी। 

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

Surat News: केंडोर IVF सेंटर के 6 साल पूरे, निःसंतान दंपतियों के लिए विशेष रियायत
Surat News: जीएम ग्रुप ने अभिनेता प्रतीक गांधी को बनाया ब्रांड एंबेसडर, सूरत इंडस्ट्रियल पार्क को नई पहचान