लोकसभा चुनाव 2019 में दूसरे चरण की वोटिंग कल, कई दिग्गज की किस्मत का फैसला

Published : Apr 17, 2019, 09:53 AM IST
लोकसभा चुनाव 2019 में दूसरे चरण की वोटिंग कल, कई दिग्गज की किस्मत का फैसला

सार

दूसरे चरण के चुनाव में 75.83 लाख पुरुष और 64.92 लाख महिलाओं समेत करीब एक करोड़ 40 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान के लिये 8751 मतदान केन्द्र तथा 16162 मतदान स्थल बनाये गये हैं।

देश की सत्रहवीं लोकसभा के चुनावों में दूसरे चरण के लिए गुरुवार को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 8 सीटों के साथ 11 राज्यों और संघ शासित प्रदेश पुडुचेरी की 95 सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में तमिलनाडु की 38, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 10, उत्तर प्रदेश की आठ, असम, बिहार और ओडिशा की पांच-पांच, छत्तीसगढ़ तथा पश्चिम बंगाल की तीन-तीन, जम्मू कश्मीर की दो और मणिपुर एवं पुडुचेरी की एक-एक सीटों के लिए वोटिंग की जाएगी.

उत्तर प्रदेश में दांव पर दिग्गजों की किस्मत

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर गुरुवार को होने वाले मतदान में सेलेब्रिटी चेहरों समेत कई राजनीतिक दिग्गजों का सियासी भाग्य तय होगा।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया कि दूसरे चरण में राज्य की आठ सीटों नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा तथा फतेहपुर के लिये वोट पड़ेंगे। मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक होगा।

उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के चुनाव में 75.83 लाख पुरुष और 64.92 लाख महिलाओं समेत करीब एक करोड़ 40 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान के लिये 8751 मतदान केन्द्र तथा 16162 मतदान स्थल बनाये गये हैं।

दूसरे चरण का चुनाव कई सियासी दिग्गजों का भाग्य तय करेगा। इनमें मथुरा से भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी, फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर, आगरा से प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एस.पी. सिंह बघेल और हाथरस से पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामजी लाल सुमन प्रमुख हैं।

मथुरा में मौजूदा सांसद हेमा मालिनी का मुकाबला महागठबंधन के प्रत्याशी रालोद के नरेन्द्र सिंह और कांग्रेस के महेश पाठक से है। हेमा ने वर्ष 2014 में मथुरा सीट आसानी से जीती थी, लेकिन इस बार उन्हें प्रतिद्वंद्वियों से कड़ी टक्कर मिलने की सम्भावना है।

फतेहपुर सीकरी सीट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्टी प्रत्याशी राज बब्बर की टक्कर भाजपा के राजकुमार चाहर और गठबंधन के प्रत्याशी भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित से है। बब्बर वर्ष 2009 में इसी सीट से बहुत मामूली अंतर से चुनाव हार गये थे।

आगरा से प्रदेश के लघु सिंचाई मंत्री एस. पी. सिंह बघेल भाजपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। उनका मुकाबला गठबंधन के प्रत्याशी मनोज सोनी तथा कांग्रेस की प्रीता हरित से है।

हाथरस से गठबंधन ने चार बार सांसद रह चुके पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामजी लाल सुमन को उम्मीदवार बनाया है। यहां उनके मुकाबले इगलास क्षेत्र से मौजूदा भाजपा विधायक राजवीर सिंह और कांग्रेस के त्रिलोकी नाथ दिवाकर ताल ठोंक रहे हैं।

अलीगढ़ सीट से भाजपा के मौजूदा सांसद सतीश गौतम एक बार फिर इसी पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को निशाने पर रखकर अक्सर सुर्खियां बटोरने वाले गौतम का मुकाबला गठबंधन के प्रत्याशी अजीत बालियान और कांग्रेस उम्मीदवार पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह से है।

बुलंदशहर सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद और प्रत्याशी डॉक्टर भोला सिंह का मुकाबला गठबंधन प्रत्याशी बसपा के योगेश वर्मा और कांग्रेस के बंसी पहाड़िया से है। वहीं, अमरोहा में भाजपा के वर्तमान सांसद कंवर सिंह तंवर की टक्कर गठबंधन प्रत्याशी बसपा के दानिश अली तथा कांग्रेस उम्मीदवार सचिन चौधरी से है।

नगीना सीट से भाजपा के मौजूदा सांसद डॉक्टर यशवंत सिंह एक बार फिर मैदान में हैं। उनका मुकाबला पूर्व सांसद और तीन बार विधायक रह चुकी ओमवती से है। इसके अलावा गठबंधन की तरफ से बसपा के गिरीश चंद्र भी उनके प्रमुख प्रतिद्वंद्वी हैं।

स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से चुनाव कराने के लिये पर्याप्त बल तैनात किये गये हैं। मतों की गिनती 23 मई को की जाएगी।

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

Surat News: केंडोर IVF सेंटर के 6 साल पूरे, निःसंतान दंपतियों के लिए विशेष रियायत
Surat News: जीएम ग्रुप ने अभिनेता प्रतीक गांधी को बनाया ब्रांड एंबेसडर, सूरत इंडस्ट्रियल पार्क को नई पहचान