आरोपों पर आया अकबर दंपत्ति का पक्ष, ' पल्लवी गोगोई रजामंदी से रिश्ते में थीं, अब न जाने क्यों झूठ बोल रही'

By manish masoomFirst Published Nov 2, 2018, 6:10 PM IST
Highlights

"बात 1994 के दौरान की है श्रीमती पल्लवी गोगोई और मैं, दोनों स्वेच्छा से रिलेशनशिप में थे। यह संबंध कुछ महीनों चला। हमारे संबंध ने मुझे मुश्किल में भी डाला और इसका असर मेरे गृहस्थ जीवन पर पड़ने लगा।"
 

पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री और बीजेपी के सांसद एमजे अकबर ने अपने ऊपर लगे रेप के आरोप को निराधार बताया है। एमजे के समर्थन में उनकी पत्नी मल्लिका अकबर ने भी अपनी बात रखी है। अकबर ने कहा है कि रेप का आरोप लगाने वाली पत्रकार पल्लवी गोगोई से उनके संबंध रजामंदी से बने से थे। नेशनल पब्लिक रेडियो की चीफ बिजनेस एडिटर पल्लवी गोगोई ने 24 साल पहले एशियन एज में काम करने के दौरान अकबर पर रेप करने का आरोप लगाया है।


पत्रकार पल्लवी गोगों ने वॉशिंगटन पोस्ट में एक लेख लिखा है, जिसमें अकबर द्वारा उनसे रेप करने की बात सामने आई है। एनपीआर की चीफ बिजनेस एडिटर ने लिखा है कि जयपुर में एक एसाइनमेंट दिखाने के बहाने कमरे में बुलाकर एमजे अकबर ने उनके साथ रेप किया।  मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अकबर ने कहा कि आरोप पर 29 अक्टूबर को वशिंगटन पोस्ट ने उनसे कुछ सवाल पूछे थे। आरोप पूरी तरह से झूठे हैं।

पल्लवी गोगोई का आरोप है कि 1994 में अकबर ने उनका रेप किया। इस आरोप पर एमजे अकबर ने अपना पक्ष रखा है। एमजे अकबर की चिट्ठी का हिंदू अनुवाद माय नेशन आप तक पहुंचा रहा है।

एमजे अकबर का पक्ष:

"29 अक्टूबर को वॉशिंगटन पोस्ट ने मेरे वकीलो को 23 साल पहले की कथित घटना को लेकर गुप्त और बेमतलब के सवालों का पुलिंदा भेजा। आरोप झूठे हैं, यह बता दिया गया। इसी बीच 2 नवंबर 2018 की सुबह, वॉशिंगटन पोस्ट में पल्लवी गोगोई का लिखा एक लेख छपता है, जिसमें मेरे खिलाफ रेप और हिंसा का झूठा आरोप लगाया गया।  मेरे द्वारा लेख पढ़ने के बाद यह आवश्यक हो जाता है कि इस मामले में मैं सच्चाई को दुनिया के सामने लाऊं।

बात 1994 के दौरान की है श्रीमती पल्लवी गोगोई और मैं, दोनों स्वेच्छा से रिलेशनशिप में थे। यह संबंध कुछ महीनों चला। हमारे संबंध ने मुझे मुश्किल में भी डाला और इसका असर मेरे गृहस्थ जीवन पर पड़ने लगा। इस संबंध का अंत हुआ जो शायद सुखद नहीं था। 

मेरे साथ कई लोगों ने काम किया जो हम दोनों को जानते हैं और शायद जो मैंने लिखा है, वो सच या गलत, उसको बताने में नहीं हिचकिचाएंगे। वो बता सकते हैं कि पल्लवी गोगोई का व्यवहार कैसा था, पल्लवी किसी भी तरह के दबाव में काम करती थीं या नहीं, या उन्हें किसी तरह की दुविधा थी।

पिछले कुछ हफ्तों में मुझ पर झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं, जिसके बारे में मैं अब लिख रहा हूं।

अभी के लिए बस इतना ही कहना था।"

एमजे अकबर की पत्नी मल्लिका ने जो कहा:

"मीटू अभियान के दौरान मेरे पति एमजे अकबर के खिलाफ हो रहे खुलासों पर मैं चुप थी। खैर, वॉशिंगटन पोस्ट के लेख ने, जिसमें पल्लवी गोगोई ने आरोप लगाया है कि मेरे पति ने उनसे रेप किया, मुझे इस मामले में कूदने पर मजबूर कर दिया है क्योंकि मैं सच जानती हूं। 

20 से भी ज्यादा साल पहले की बात है, पल्लवी गोगोई ने मेरे घर में क्लेश को जन्म दिया। मैंने उनकी और मेरे पति की अंतरंगता को नोटिस किया। वह देर रात तक मेरे पति को फोन कॉल करती और सार्वजनिक जगहों पर मेरे होने के बावजूद मेरे पति से अपने प्यार का प्रदर्शन करती। उसके इस रिश्ते ने मेरे पारिवारिक जीवन में पीड़ा दिया और गहरी चोट पहुंचाई। एक बार मेरे घर में एशियन एज की पार्टी के दौरान जो वहां के युवा पत्रकारों से भरी हुई थी, वह मेरे पति के साथ इस मुद्रा में डांस कर रही थी, जिसे देखकर दुख के मारे मेरा देह सुन्न पड़ रहा था।  उसी समय मैंने अपने पति के सामने अपनी बात रखी और उन्होंने परिवार को प्राथमिकता देने का फैसला किया। 

तुषिता पटेल और पल्लवी गोगोई अक्सर हमारे घर आते थे, साथ में खाते-पीते थे। लेकिन वह कभी दैहिक शोषण की पीड़िता नहीं दिखी। मैं नही जानती कि पल्लवी ने यह झूठ क्यों बोला लेकिन झूठ तो झूठ है।" 


बता दें कि एमजे अकबर पर कई महिला पत्रकारों ने शारीरिक शोषण के आरोप लगाए हैं। इसके बाद ही उन्हें मोदी कैबिनेट से इस्तीफा देना पड़ा था। एमजे अकबर ने अपनी सफाई देने के बाद इस मामले में कानूनी रास्ता अपनाया है। अकबर ने झूठे आरोपों की बात कह केस दर्ज कराया है। 

click me!