कांग्रेस की आपत्ति नजरअंदाज कर सीबीआई निदेशक का ऐलान करेगी सरकार, इन नामों पर विचार

Published : Feb 02, 2019, 12:08 PM IST
कांग्रेस की आपत्ति नजरअंदाज कर सीबीआई निदेशक का ऐलान करेगी सरकार, इन नामों पर विचार

सार

तीन सदस्यीय चयन समिति की दूसरी बैठक के दौरान सरकार ने ऐसे कुछ अधिकारियों के नाम सामने रखे, जिन्हें सीबीआई निदेशक पद पर नियुक्ति के योग्य माना गया है। हालांकि कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने इन नामों पर ऐतराज जताया। 

सीबीआई के निदेशक को चुनने वाली चयन समिति में सहमति नहीं बन पा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली चयन समिति की बैठक में प्रस्तावित नामों को लेकर समिति के सदस्य कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की आपत्ति  के बावजूद केंद्र जल्द ही एजेंसी के अगले प्रमुख के नाम की घोषणा कर सकता है। शुक्रवार की बैठक प्रधानमंत्री के आवास पर हुई। यह बैठक एक घंटे से ज्यादा समय तक चली। चीफ जस्टिस रंजन गोगोई ओर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे बैठक में शामिल हुए।

समझा जाता है कि तीन सदस्यीय चयन समिति की दूसरी बैठक के दौरान सरकार ने ऐसे कुछ अधिकारियों के नाम सामने रखे, जिन्हें सीबीआई निदेशक पद पर नियुक्ति के योग्य माना गया है। उन्होंने बताया कि हालांकि इन नामों पर खड़गे ने ऐतराज जताया। 

चयन समिति की बैठक का ब्यौरा दिए बिना एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया, ‘बैठक के दौरान कोई फैसला नहीं हो पाया।’ इससे पहले, शुक्रवार दोपहर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह अंतरिम सीबीआई निदेशक की नियुक्ति के ‘खिलाफ’ नहीं है लेकिन केंद्र को ‘तत्काल’ नियमित निदेशक की नियुक्ति करनी चाहिए। शीर्ष अदालत ने कहा कि सीबीआई निदेशक का पद संवेदनशील है और लंबे समय तक इस पद पर अंतरिम निदेशक को रखना अच्छी बात नहीं है। पीठ ने इस टिप्पणी के साथ ही सरकार से जानना चाहा कि अभी तक इस पद पर नियुक्ति क्यों नहीं की गई। 

आलोक वर्मा को हटाए जाने के बाद से सीबीआई प्रमुख का पद 10 जनवरी से ही खाली है। भ्रष्टाचार के आरोपों पर गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी राकेश अस्थाना के साथ वर्मा का टकराव हुआ था। वर्मा और अस्थाना दोनों ने एक दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। वर्मा के हटाए जाने के बाद से एम नागेश्वर राव अंतरिम सीबीआई प्रमुख के तौर पर काम कर रहे हैं । 

सीबीआई निदेशक के पद के लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जावीद अहमद, रजनी कांत मिश्रा, एस एस देसवाल और शिवानंद झा का नाम दौड़ में सबसे आगे है। 

1. 

जावीद अहमद यूपी कैडर के 1984 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इस समय राष्ट्रीय अपराधशास्त्र एवं विधि विज्ञान संस्थान के प्रमुख हैं। 
2. 

यूपी कैडर के 1984 बैच के आईपीएस रजनी कांत मिश्रा सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसएफ के प्रमुख हैं।
3. 

हरियाणा कैडर के 1984 बैच के आईपीएस एस एस देसवाल भारत-तिब्बत सीमा पुलिस यानी आईटीबीपी के महानिदेशक हैं। 
4. 

गुजरात कैडर के 1983 बैच के आईपीएस अधिकारी शिवानंद झा गुजरात पुलिस के प्रमुख हैं। 
 

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

Surat News: केंडोर IVF सेंटर के 6 साल पूरे, निःसंतान दंपतियों के लिए विशेष रियायत
Surat News: जीएम ग्रुप ने अभिनेता प्रतीक गांधी को बनाया ब्रांड एंबेसडर, सूरत इंडस्ट्रियल पार्क को नई पहचान