
लखनऊ से बीजेपी के प्रत्याशी राजनाथ सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा को बड़ी नसीहत दे डाली। कृष्णम ने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा को कांग्रेस का टिकट वापस कर देना चाहिए। जबकि शत्रुघ्न पटना साहिब से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी हैं। सिन्हा लखनऊ में अपनी पत्नी और समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की संयुक्त प्रत्याशी पूनम सिन्हा के लिए चुनावी रैलियां कर रहे हैं।
पिछले तीन दिनों से शत्रुघ्न सिन्हा लखनऊ में अपनी पत्नी पूनम सिन्हा के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। शत्रुघ्न सिन्हा कहीं पत्नी के साथ तो कहीं अकेले जा कर पूनम सिन्हा के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। इससे लखनऊ में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद कृष्णम नाराज हैं। प्रमोद कृष्णम ने शत्रुघ्न सिन्हा के इस रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर उन्हें गठबंधन अच्छा लगता है और वह गठबंधन प्रत्याशी के लिए प्रचार करना चाहते हैं, तो उन्हें चाहिए कि वह पटना साहिब का टिकट राहुल गांधी को वापस कर दें।
गौरतलब है कि प्रमोद कृष्णम के नामांकन से शत्रुघ्न सिन्हा ने दूरी बनाई थी और वह अपनी पत्नी के नामांकन में मौजूद थे। फिलहाल 'शॉट गन' और उनका पूरा परिवार लखनऊ में पूनम सिन्हा का प्रचार कर रहा है। हालांकि ये भी कयास लगाए जा रहे थे कि सोनाक्षी सिन्हा अपने मां का चुनाव प्रचार करने के लिए लखनऊ आएंगी। लेकिन अभी तक वह लखनऊ नहीं आयी हैं। लखनऊ संसदीय सीट से बीजेपी के प्रत्याशी राजनाथ सिंह ने 16 अप्रैल को ही नामांकन कर दिया था।
जबकि एसपी-बीएसपी गठबंधन की पूनम सिन्हा और कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद कृष्णम ने नामांकन किया। जिसके कारण कार्यकर्ता बेचैन थे। लेकिन अब लखनऊ में चुनावी माहौल बदल गया है। प्रमोद 2014 लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस के टिकट पर संभल से मैदान में उतर चुके हैं, लेकिन उन्हें हार मिली। फिलहाल शत्रुघ्न सिन्हा पत्नी पूनम सिन्हा के लिए कायस्थ और मुस्लिम इलाकों में वोट मांग रहे हैं और लखनऊ के विकास का वादा कर रहे हैं।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।