पूरे देश में गर्मी का भीषण प्रहार, प्रयागराज में पारा हुआ 48 के पार

Published : May 31, 2019, 02:45 PM IST
पूरे देश में गर्मी का भीषण प्रहार, प्रयागराज में पारा हुआ 48 के पार

सार

वैसे तो गर्मी ने पूरे देश में कहर ढा रखा है। लेकिन उत्तर प्रदेश में इसका कुछ ज्यादा ही असर दिख रहा है। यहां कुंभ नगरी प्रयागराज में पिछले तीन दिनों से गर्मी सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है।

प्रयागराज: कुंभ नगरी के नाम से मशहूर प्रयागराज में इन दिनों लोग चलते चलते सड़क पर गश खाकर गिर रहे हैं। यहां सूरज की गर्मी रोज नए रिकॉर्ड तोड़ रही है। पिछले तीन दिनों में प्रयागराज देश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। यहां पारा 48 डिग्री को भी पार कर गया है। 

पिछले 24 घंटों में प्रयागराज का अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री तक पहुंच गया है। जो कि हाफ सेंचुरी से मात्र डेढ़(1.4) डिग्री ही कम है। इसकी वजह से शहर का 25 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया है। इससे पहले 1994 में मई के महीने में पारा 48.4 डिग्री हुआ था। 

इसके बाद साल 2013 और 2016 में भी प्रयागराज में भीषण गर्मी पड़ी थी। लेकिन कभी भी पारा इतना नहीं चढ़ा था। लेकिन इस बार गर्मी 48.6 डिग्री तक पहुंच गई है। यहां पिछले चार दिन से तापमान 47 डिग्री से उपर बना हुआ है। जो कि सामान्य तापमान से 7 डिग्री उपर है। 

प्रयागराज में भयानक गर्मी से लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। अक्सर लू और गर्म हवा के थपेड़ों से बीमार हुए मरीज अस्पतालों में पहुंचते हुए दिख रहे हैं। हीट स्ट्रोक से प्रभावित होने वाले लोगों की संख्या हर रोज सैकड़ों में होती है। 

शहर की सड़कें दिन चढ़ते ही सुनसान हो जाती हैं। लोग घर से निकलने में परहेज कर रहे हैं। गर्मी के कहर की वजह से यहां के स्कूल एक महीने पहले ही बंद हो चुके हैं। आम तौर पर प्रयागराज में मानसून आने के 15 से 20 दिनों में बारिश होती है। 

इस बार केरल में मानसून के 4 जून के पहुंचने की संभावना जताई गई है। यानी प्रयागराज में 22 या 24 जून के बाद ही बारिश होने की संभावना है। तब तक के लिए शहर के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना ही पड़ेगा। 

PREV

Recommended Stories

एस. आर. लुथरा इंस्टिट्यूट में ‘आत्मनिर्भर भारत’ पर तृतीय छात्र सम्मेलन, 7 टीमों ने प्रस्तुत किए शोध पत्र
Inter School-Club Taekwondo Championship Surat: 16-18 जनवरी तक सूरत के 2000 खिलाड़ियों का महाकुंभ