
देहरादून। उत्तराखंड से अगला राज्यसभा सांसद कौन होगा। इसके लिए राजधानी से लेकर दिल्ली तक लॉबिंग जोर है। हालांकि राज्यसभा चुनाव होने में काफी समय है और दावेदारों की लंबी सूची है। लेकिन तीन नाम चर्चा में हैं। लेकिन पार्टी राज्य से जुड़े किसी नेता को राज्यसभा में भेजना चाहती है। फिलहाल पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, सुरेश भट्ट, विजय बहुगुणा के नाम चर्चा में है।
असल में नवंबर में कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य राजबब्बर का कार्यकाल खत्म हो रहा है और संख्याबल के आधार पर भाजपा का प्रत्याशी जीतना तय है। लिहाजा पार्टी ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। फिलहाल पार्टी में इस एक सीट के लिए दावेदारों की सूची काफी लंबी है। लेकिन राज्यसभा की दौड़ में तीन सामने आ रहे हैं। राज्यसभा के लिए पहला नाम पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू का है। लेकिन पार्टी की पहली प्राथमिकता के अनुसार जाजू राज्य से ताल्लुक नहीं रखते हैं।
वह दिल्ली के निवासी हैं। जबकि पार्टी का कहना है कि राज्यसभा में उसी को भेजा जाएगा, जिसका जुड़ाव राज्य से होगा। वहीं दूसरा नाम पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा का है। जो राज्य से जुड़े हुए और राज्य में कांग्रेस की सरकार को सत्ता से बाहर करने में उनकी अहम भूमिका रही है। लिहाजा पार्टी उन्हें इसका इनाम दे सकती है। हालांकि राज्य की राजनीति में बहुगुणा अलग-थलक चल रहे हैं। वहीं तीसरे दावेदार के तौर पर हरियाणा में संगठन का काम देख रहे सुरेश भट्ट का नाम चल रहा है।
अपने कार्यकाल में राज्य में नहीं दिखे कांग्रेस नेता राज बब्बर
कांग्रेस पार्टी ने राज्यसभा सदस्य के तौर पर राजबब्बर को सदन में भेजा। वह 2015 में कांग्रेस की तत्कालीन राज्यसभा सांसद मनोरमा शर्मा डोबरियाल के निधन के बाद राज्यसभा में पहुंचे थे। लेकिन राज्यसभा में पहुंचने के बाद राज बब्बर उत्तर प्रदेश की ही राजनीति में सक्रिय रहे और उन्होंने राज्य में रूचि नहीं ली। यहां तक कि उनके गायब होने के पोस्टर भी लगे थे। राजबब्बर 2019 में यूपी के फतेहपुर सीकरी से लोकसभा का चुनाव भी लड़े थे लेकिन उन्हें हार का सामने करना पड़ा था। वहीं भाजपा के राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी राज्य में काफी सक्रिय हैं। वह उत्तराखंड के रहने वाले हैं।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।