
नई दिल्ली--गणतंत्र दिवस के मौके पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीफ गेस्ट बनने का इनविटेशन ठुकराने के बाद भारत को उनका रिप्लेसमेंट मिल गया है। अब ट्रंप की जगह दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सायरिल रामापोसा 26 जनवरी के परेड के चीफ गेस्ट हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामापोसा ने भारत का इनविटेशन स्वीकार कर लिया है।
भारत में हर साल गणतंत्र दिवस के मौके पर किसी देश के खास शख्स को बुलाने की परंपरा रही है। इस साल भारत ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को विशिष्ट अतिथि बनने का न्यौता भेजा था जिसे कि उन्होंने अस्वीकार कर दिया है। इसके बाद अब यह न्यौता दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सायरिल रामापोसा को दिया गया है।
सरकार इस बार डोनाल्ड ट्रंप के विकल्प के तौर पर तीन देशों के राष्ट्राध्यक्षों के नामों पर विचार कर रही थी। जिसमें दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामापोसा का नाम सबसे ऊपर था और आखिर में उनके नाम पर ही सहमति बनी।
यदि ट्रंप भारत का निमंत्रण स्वीकार कर लेते तो यह उनका पहला भारत दौरा होता। लेकिन कुछ दिनों पहले व्हाइट हाउस की तरफ से ट्रंप का दौरा रद्द होने की जानकारी दी गई थी।
माना जा रहा है कि भारत और रूस के बीच हुई एस-400 डील और ईरान से तेल करार की वजह से ट्रंप प्रशासन ने यह फैसला लिया है। इसके अलावा 26 जनवरी के दौरान ट्रंप का स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन और कुछ राजनीतिक कार्यक्रम निर्धारित हो सकते हैं। 75 साल के जैकब जुमा के इस्तीफे के बाद इसी साल फरवरी में 65 साल के सायरिल रामापोसा दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति बने हैं। उन्हें इसी साल अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस का भी नया अध्यक्ष चुना गया था।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।