सौतेले भाई के कमरे में मिला मासूम का शव, आठ दिन से था लापता

Dec 24, 2018, 11:31 AM IST

बलिया—उत्तर प्रदेश के बलिया में गड़वार थाना क्षेत्र के अमडरिया गांव में आठ दिन से लापता किशोर कुश का शव उसी के मकान से बरामद हुआ है। परिवार से अलग रह रहे सौतले भाई के कमरे में शव पड़ा था। सौतेला भाई भी उसी दिन से कमरे में ताला बंद कर फरार हो गया था। कमरे से दुर्गंध आने पर मृतक की मां को इसकी जानकारी हुई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के गर्दन पर धारदार हथियार से वार करने के निशान हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ध्रुप जी सोनी का पुत्र कुश जी सोनी 15 दिसंबर की अचानक गायब हो गया। तलाश के बाद पिता ने गड़वार थाना में इसकी सूचना दी। उन्हीं के घर के एक बंद कमरे से दुर्गंध उठने लगा। इस पर उनकी पत्नी दुर्गंध फैलने की बात अन्य लोगों से बताई। कमरा खोला गया तो बेटा कुश सोनी बिस्तर पर पड़ा था। शव की स्थिति देखने पर उसकी हत्या होने की पुष्टि हो रही थी। मृतक का गर्दन और पैर लोहे की एक ही जंजीर से बंधा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की मां से तहरीर मिला है। हत्या का मुकदमा दर्ज होगा। घटना को लेकर गांव के लोग अवाक है।