
ग्रेटर नोएडा: उत्तर के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ जब बिसाहड़ा में बीजेपी उम्मीदवार डॉ. महेश शर्मा के लिए प्रचार करने के लिए उतरे तो पूरे रंग में दिखे।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन और नवनिर्वाचित महासचिव पर सीधा हमला बोला। योगी ने अयोध्या जाकर भी रामजन्मभूमि नहीं जाने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह कहती हैं रामजन्मभूमि विवादित स्थल है, इसलिए वहां नहीं जाऊंगी। उनका यह बयान देश-दुनिया में रहने वाले हिंदुओं का अपमान है।
योगी ने प्रियंका से सवालिया लहजे में पूछा कि वह उनसे पूछना चाहते हैं कि जब इलाहाबाद हाईकोर्ट कह चुका है कि जहां रामलला विराजमान है, वही रामजन्मभूमि है तो यह विवादित जगह कैसे हो गई।
मुख्यमंत्री ने व्यंग्य करते हुए कहा कि प्रियंका वाड्रा गांधी के भाई राहुल, मां सोनिया गांधी और पति रॉबर्ट वाड्रा भी जमानत पर हैं तो क्या वह उनके पास भी नहीं जाती हैं।
बाद में योगी ने प्रियंका के रामजन्मभूमि नहीं जाने का राज खोलते हुए कहा कि प्रियंका वहां इसलिए नहीं गई क्योंकि एक विशेष वर्ग नाराज हो जाएगा? क्या यह सच नहीं है कि अयोध्या मामले का समाधान इसलिए नहीं हो पा रहा क्योंकि जब यह मामला सुप्रीम कोर्ट में जाता है तो कांग्रेस इसमें रोड़े अटकाने के लिए वकीलों की फौज खड़ी कर देती है।
उन्होंने राम मंदिर निर्माण में कांग्रेस को सबसे बड़ा रोड़ा बताया और कहा कि पीएम मोदी के भय से प्रियंका गांधी को ईश्वर और प्रभु याद आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस पार्टी है जिसने सुप्रीम कोर्ट में शपथपत्र दाखिल करके कहा था कि राम और कृष्ण का अस्तित्व नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ही 2007 में समझौता एक्सप्रेस ब्लास्ट के बाद हिंदू आतंकवाद शब्द को जन्म दिया था। कांग्रेस को इस बार 44 से चार सीटों पर आने में वक्त नहीं लगेगा। ऐसा ही हाल सपा-बसपा गठबंधन का भी होगा।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।