Breaking Olympics: क्या है ब्रेक डांसिंग? पहली बार पेरिस ओलंपिक में एंट्री, डूडल बनाकर गूगल मना रहा जश्न

By Rajkumar UpadhyayaFirst Published Aug 9, 2024, 2:04 PM IST
Highlights

Paris Games Breaking: पेरिस ओलंपिक 2024 में पहली बार 'ब्रेकिंग' यानी ब्रेक डांसिंग को शामिल किया गया है। गूगल एक डूडल बनाकर इसका जश्न मना रहा है। जानें ब्रेकिंग के नियम, इसका इतिहास, और कैसे यह स्ट्रीट डांस फॉर्म ओलंपिक में अपनी जगह बना रहा है।

Breaking Olympics Google: पेरिस ओलंपिक 2024 में 32 गेम्स के 329 इवेंट होंगे। नए खेलों में 'ब्रेकिंग' यानी ब्रेकडा​सिंग को भी शामिल किया गया है। ओलंपिक में पहली बार 'ब्रेकिंग डांस प्रतियोगिता' (Breaking Olympics) होगी। गूगल 9 अगस्त को डूडल बनाकर पेरिस ओलंपिक्स 2024 के 'ब्रेकिंग' का जश्न मना रहा हैं। डूडल में कुछ पक्षियों को दर्शाया गया है। 

दिल जीतने वाला है "ब्रेकिंग ओलंपिक्स" पर गूगल का डूडल

गूगल के डूडल में एक पक्षी को खिलाड़ी के रूप में ब्रेकिंग डांस करते और अन्य पक्षी उसे जीत के लिए प्रोत्साहित करते हुए नजर आ रहे हैं। गूगल की यह मनमोहक प्रस्तुति दिल जीतने वाली है। यह डूडल सभी देशों का अपने खिलाड़ियों के प्रति समर्थन की याद दिलाता है। 

क्या है ब्रेक डांस, कब-कहां हुई शुरूआत?

ब्रेकिंग, जिसे ब्रेक डांसिंग के नाम से भी जाना जाता है, एक स्ट्रीट स्टाइल डांस फॉर्म है, जिसमें उत्कृष्ट कॉर्डिनेशन, एरोबेटिक्स और बॉडी मूवमेंट्स शामिल होते हैं। इस डांस फॉर्म की शुरुआत 1970 के दशक की शुरुआत में हिप हॉप मूवमेंट के दौरान न्यूयॉर्क के ब्रोंक्स इलाके में हुई थी। ब्रेकिंग हिप हॉप कल्चर का एक प्रमुख हिस्सा है और इसे सभी हिप हॉप डांस फॉर्म्स में एक महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। ब्रेक डांस का विकास मुख्य रूप से अफ्रीकी-अमेरिकी और प्यूर्टो रिकन युवाओं के बीच हुआ, जिन्होंने इसे आत्म-अभिव्यक्ति और सामाजिक जुड़ाव का एक सशक्त माध्यम बनाया। 

ब्रेकडा​सिंग के नियम क्या? (breaking olympics rules)

1 बनाम 1 की लड़ाई: ब्रेकिंग में एथलीट्स या ब्रेकर्स 1 बनाम 1 लड़ाई में एक-दूसरे के खिलाफ जाते हैं। इस दौरान वे अपने मूव्स दिखाते हैं और एक-दूसरे को चुनौती देते हैं। यह मुकाबला ब्रेकर्स के कौशल, स्टाइल, और क्रिएटिविटी को परखने का एक तरीका होता है।

थ्रो डाउन: ब्रेकर्स को एक निश्चित संख्या में थ्रो डाउन करने का मौका मिलता है। थ्रो डाउन वह समय होता है, जब ब्रेकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाने के लिए स्टेज पर आते हैं। प्रमुख प्रतियोगिताओं जैसे—रेड बुल बीसी वन में फाइनल तक दो या तीन थ्रो डाउन होते हैं, जबकि फाइनल में तीन से पांच थ्रो डाउन होते हैं।

समय सीमा: हर थ्रो डाउन आम तौर पर 60 सेकंड से ज्यादा लंबा नहीं होना चाहिए। हालांकि, बहुत कम या बहुत लंबे समय तक प्रदर्शन करने पर ब्रेकर को सजा नहीं दी जाती है, लेकिन यह उनके प्रदर्शन की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकता है।

जजिंग क्राइटेरिया: सभी प्रदर्शन जज के सामने होते हैं। जज आमतौर पर ब्रेकिंग समुदाय के अनुभवी और विशेषज्ञ होते हैं। कम से कम तीन या उससे अधिक असमान संख्या में जज होते हैं जो 6 प्रमुख मापदंडों के आधार पर विजेता का फैसला करते हैं।

इन 6 मापदंडों के आधार पर विनर का फैसला

  • रचनात्मकता (Creativity): नए और अनूठे मूव्स और कॉम्बिनेशन की प्रस्तुति।
  • पर्सनालिटी (Personality): ब्रेकर का व्यक्तिगत स्टाइल और करिश्मा।
  • तकनीक (Technique): मूव्स की सटीकता और नियंत्रण।
  • विविधता (Variety): विभिन्न प्रकार के मूव्स और फ्लो।
  • संगीतात्मकता (Musicality): मूव्स का संगीत के साथ तालमेल।
  • फ्लो (Flow): प्रदर्शन की निरंतरता और स्मूथनेस।

ये भी पढें-मनीष सिसोदिया को मिली बेल...जाने दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM से जुड़े ये रोचक तथ्य...

click me!