पुणे में बारिश के चलते 12 लोगों की मौत से अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी तक, देखिए माय नेशन के 100 सेकेंड्स में

Sep 26, 2019, 7:40 PM IST

महाराष्ट्र के पुणे जिले में बारिश और दीवार गिरने की घटनाओं में करीब 12 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। वहीं, बुधवार को जिले में भारी वर्षा के बाद जल-जमाव वाले कई इलाकों से लगभग 10,500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। पुलिस के मुताबिक, मलबे में भी अभी कुछ लोग दबे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या जमीन विवाद को लेकर गुरुवार को 32वें दिन सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षकारों से पूछा कि उन्हें दलीलें पूरी करने में और कितना समय लगेगा। मामले की सुनवाई कर रही चीफ जस्टिस रंजन गोगोई की अगुआई वाली बेंच ने कहा कि यह सब 18 अक्टूबर तक पूरा हो जाना चाहिए, क्योंकि उसके बाद एक दिन भी अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। मध्यप्रदेश का हनीट्रैप मामला देश का सबसे बड़ा सेक्स स्कैंडल हो सकता है। जांच अधिकारियों को आरोपी महिलाओं से जब्त किए गए लैपटॉप और मोबाइल फोन में करीब 4,000 फाइलें मिली हैं। इनमें कई अश्लील चैट के स्क्रीनशॉट, अधिकारियों के अश्लील फुटेज, समझौता करने वाले अधिकारियों के वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। इन क्लिप्स में बड़ी संख्या में कथित तौर पर नौकरशाह, मंत्री और पूर्व सांसद शामिल हैं।