कश्मीर पर पाकिस्तान और चीन के साझा बयान पर भारत की नाराजगी से उर्मिला मातोंडकर के कांग्रेस से इस्तीफे तक, देखिए माय नेशन के 100 सेकेंड्स में

Sep 10, 2019, 8:19 PM IST

भारत ने कश्मीर पर पाकिस्तान और चीन के साझा बयान की निंदा की है। दरअसल, एक दिन पहले ही चीन के विदेश मंत्री वांग यी पाक दौरे पर थे। उन्होंने कश्मीर पर भारत की कार्रवाई को एकतरफा बताया। साथ ही इस मामले को बातचीत के जरिए सुलझाने पर जोर दिया। इस पर मंगलवार को भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम कश्मीर पर दोनों देशों के बयान को नकारते हैं क्योंकि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने 5 महीने बाद ही कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। उर्मिला ने मंगलवार को कहा, ''मेरी राजनीतिक और सामाजिक समझ बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए है, लेकिन मुंबई कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी के कारण मैं ऐसा कर नहीं पा रही हूं।'' उर्मिला 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में शामिल हुई थी। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से ही पाकिस्तान और भारत के संबंधों में तल्खी है। कश्मीर मुद्दे पर तीन बार मध्यस्थता की पेशकश कर चुके अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को एक बार फिर दोनों देशों की मदद करने का प्रस्ताव दोहराया। उन्होंने कहा कि दो हफ्तों में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव पहले से कम हुआ है।