कुछ इस तरह गिराया गया भगोड़े नीरव मोदी का बंगला, देखिए वीडियो

Mar 8, 2019, 8:06 PM IST

पीएनबी बैंक से हजारों करोड़ का घोटाला कर विदेश भागे हीरा व्यापारी नीरव मोदी का महाराष्ट्र के अलीबाग में समुद्र तट स्थित बंगला विस्फोटक लगाकर उड़ा दिया गया। रायगढ़ जिला कलेक्टर विजय सूर्यवंशी ने कहा कि यह एक नियंत्रित विस्फोट था। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ने बंगले को ध्वस्त किए जाने के आदेश दिए थे।

बंगले में विस्फोटक लगाने के लिए पिलर में जगह बनाने के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया गया। इसके लिए विशेष तकनीकी दल को बुलाया गया था। महाराष्ट्र सरकार ने पिछले साल ईडी को पत्र लिख अलीबाग के नजदीक किहिम समुद्र तट पर बने बंगले को ध्वस्त करने के लिए अनुमति मांगी थी।

ईडी ने इस संपत्ति को कुर्क किया था। सूर्यवंशी ने कहा कि बंगले के समान की नीलामी की जाएगी। कुछ सामान अलग से रखा गया है जो कि ईडी के हवाले किया जाएगा। 25 जनवरी को बुलडोजर के जरिए बंगला गिराना शुरू किया था लेकिन आरसीसी निर्माण की वजह से इसमें काफी समय लग रहा था।