मुंबई। नानावटी हॉस्पिटल में कोरोना वायरस का इलाज करा रहीं ऐश्वर्या राय और उनकी बेटी आराध्या का टेस्ट निगेटिव आया है। इसके साथ ही उन्हें अस्पताल से  डिस्चार्ज कर दिया गया है। इस बात की जानकारी खुद ऐश्वर्या के पति अभिषेक बच्चन ने ट़्वीट करके दी है।

अभिषेक ने ट्वीट में लिखा, आप सबकी लगातार दुआओं के लिए शुक्रिया। शुक्र है कि ऐश्वर्या और आराध्या का टेस्ट निगेटिव आया है और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। अब वे घर पर ही रहेंगी। मैं और मेरे पिता मेडिकल स्टाफ की देखरेख में फिलहाल हॉस्पिटल में ही रहेंगे।

बता दें कि ऐश्वर्या और आराध्या की कोरोना रिपोर्ट 12 जुलाई को पॉजिटिव आई थी। हालांकि लक्षण दिखाई न देने की वजह से दोनों को होम क्वारैंटाइन किया गया था। करीब 5 दिन बाद यानी 17 जुलाई को मां-बेटी को हल्का बुखार आने पर नानावटी हॉस्पिटल ले जाया गया था। यहां करीब 10 दिनों तक इलाज चलने के बाद 11वें दिन उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।

वहीं, अमिताभ और उनके बेटे अभिषेक की रिपोर्ट 11 जुलाई को पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें फौरन अस्पताल में भर्ती किया गया था। फिलहाल 16 दिन से दोनों का इलाज चल रहा है। वहीं, रविवार को बीएमसी ने अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा, जनक और प्रतीक्षा के बाहर लगे कंटेनमेंट जोन के पोस्टर हटा दिए थे। ये पोस्टर अमिताभ और उनके बेटे अभिषेक के नानावटी अस्पताल में भर्ती होने के अगले दिन बंगलों को सैनेटाइज करने के बाद लगाए गए थे।