बॉलीवुड गायक मीका सिंह पर एक 17 साल की ब्राजीलियन मॉडल से ‘छेड़छाड़’ और ‘अश्लील तस्वीरें’ भेजने का आरोप लगा है। जिसके बाद दुबई पुलिस ने मीका को हिरासत में ले लिया है। इस बात की जानकारी बृहस्पतिवार को विदेशी मीडिया की एक खबर में दी गई। 

गल्फ न्यूज’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि मीका सिंह दुबई एक पार्टी के कार्यक्रम में आए हुए थे। उन्हें मॉडल की ओर से दर्ज कराई गई इस शिकायत पर गिरफ्तार कर लिया गया है कि उन्होंने उसे अनुचित तस्वीरें भेजी।

साथ ही मॉडल ने अपनी शिकायत में यह कहा कि, गायक ने उसे बॉलीवुड में काम का भी वादा किया था।

गल्फ न्यूज’ की खबर में यूएई में भारतीय राजदूत नवदीप सिंह सूरी के हवाले से कहा गया है कि मीका सिंह ने राजनयिक पहुंच मांगी है और दूतावास के कर्मचारी इस पर काम कर रहे हैं। 

यह पहली बार नहीं है कि गायक को अनुचित व्यवहार के आरोपों का सामना करना पड़ा है।

इस बीच नयी दिल्ली में आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मीका सिंह को तड़के तीन बजे हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ विधिक कार्यवाही शुरू की जा रही है।