नई दिल्ली: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किया है। दिल्ली में अगले साल फरवरी के पहले विधानसभा चुनाव होने वाला है। 

भारतीय जनता पार्टी की तरफ से प्रकाश जावड़ेकर के साथ सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय को चुनाव सह प्रभारी बनाया गया है। 

BJP President & Home Minister Amit Shah appoints Union Minister Prakash Javadekar as Election In-charge, Union Minister Hardeep Singh Puri & Minister of State for Home Affairs Nityanand Rai as Election Co-Incharge, for the upcoming Delhi Assembly Elections. pic.twitter.com/i596kWbYvD

— ANI (@ANI) August 9, 2019

प्रकाश जावड़ेकर पार्टी संगठन पर मजबूत पकड़ वाले नेता के तौर पर जाने जाते हैं। उन्हें लोकलुभावन घोषणाओं के लिए मशहूर आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी की रणनीति तैयार करनी है। जो कि डीटीसी में महिलाओं को मुफ्त यात्रा और सस्ती बिजली का चुनावी तोहफा पहले ही दे चुके हैं। 

केजरीवाल ने कल ही दिल्ली के लिए मुफ्त वाई फाई की भी घोषणा की है। 

अब प्रकाश जावड़ेकर की जिम्मेदारी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के कैडर से चर्चा करके चुनावी रणनीति तैयार करने की है। इस कार्य में उनकी मदद के लिए केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और नित्यानंद राय साथ हैं। जो कि सिख और पूर्वांचल के वोटों को देखते हुए बनाए गए हैं। 

प्रकाश जावडेकर संघ को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का करीबी माना जाता है। उन्हें दिल्ली में चुनाव प्रभार संभालने में संघ के नेटवर्क की भी मदद मिलेगी। 

दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल अगले साल यानी 2020 के मध्य फरवरी तक का है। उसके पहले दिल्ली में चुनाव संपन्न हो जाना चाहिए। जिसे देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपने पत्ते चल दिए हैं। 

दिल्ली के अतिरिक्त भाजपा ने हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र के लिए भी अपने प्रभारियों का ऐलान किया है। हरियाणा के लिए नरेन्द्र सिंह तोमर, झारखंड के लिए ओम प्रकाश माथुर और महाराष्ट्र के लिए भूपेन्द्र यादव चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। इन राज्यों में इसी साल के आखिर में चुनाव होने वाले हैं। 

उम्मीद की जा रही है कि इन तीनों राज्यों के चुनाव भी दिल्ली के साथ ही कराए जा सकते हैं।