प्रयागराज। कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व वित्तमंत्री पी.चिदंबरम तिहाड़ जेल में बंद हैं। लेकिन प्रयागराज में एक पूर्व वायुसैनिक ने देश की मंदी और भ्रष्टाचार के लिए चिंदबरम को जिम्मेदार ठहराते हुए आत्महत्या की है। इसके साथ ही पूर्व वायुसैनिक ने आर्थिक तंगी के लिए भी पूर्व केन्द्रीय मंत्री को जिम्मेदार ठहराया है।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में असम के मूल निवासी और पूर्व वायुसैनिक बिजन दास ने आत्महत्या कर ली है और इसके लिए उन्होंने पूर्व वित्तमंत्री को जिम्मेदार ठहराया है। दास ने देश में आर्थिक मंदी और भ्रष्टाचार के लिए पी चिदंबरम को जिम्मेदार बताया है।

दास ने अपने सुसाइड लेटर में अपने गायक बेटे के लिए पीएम नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने अपने सुसाइड लेटर में ये भी लिखा है कि उनका शव प्रयागराज में ही दफनाया जाए। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन से इसके लिए आग्रह किया है। 

पूर्व सैनिक असम से छह सितंबर को प्रयागराज आए थे और यहां पर उन्होंने एक होटल किराए पर लिया था। इसके बाद सुबह वह नहीं उठे तो वेटर ने सोचा वह सो रहे हैं। लेकिन कुछ समय बितने के बाद जब नहीं उठे तो होटल मैनेजर को सूचित किया। इसके बाद होटल के स्टॉफ ने कूलर के पीछे से कमरे में झांका तो दास का शव पंखे से लटका हुआ था।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस को चार पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। इस चार पेज के सुसाइड नोट में उन्होंने देश की मंदी के लिए पी चिदंबरम को जिम्मेदार ठहराया है।