नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अभी तक प्रत्याशियों के नामों का ऐलान नहीं किया है। चर्चा है कि कांग्रेस नई दिल्ली विधानसभा सीट पर दिल्ली के सीएम अर्विंद केजरीवाल के खिलाफ निर्भया की मां आशा देवी चुनाव लड़ा सकती हैं। हालांकि अभी तक कांग्रेस की तरफ से कोई आधिकारिक तौर पर बयान नहीं आया है। वहीं आज कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज होगी। जिस पर इस मुद्दे पर फैसला होगा।

निर्भया के दोषियों की फांसी को लेकर कल ही निर्भया की मां ने केन्द्र और दिल्ली सरकार पर आरोप लगाया था। निर्भया की मां आशा देवी ने आरोप लगाया था कि दोनों सरकार राजनीति कर रही हैं। हालांकि अब चर्चा है कि आशा देवी को कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री केजरीवाल के खिलाफ उतार सकती है। केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि अभी तक कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान नहीं कर सकी है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस नेता निर्भया के माता-पिता के संपर्क में हैं और उनके कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ करीबी संबंध भी हैं। लिहाजा माना जा रहा है कि कांग्रेस उन्हें केजरीवाल के खिलाफ उतार सकती है। असल में निर्भया की मौत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी निर्भया के घर जाते रहे हैं और इसी के चलते निर्भया के परिवार लोगों के वह संपर्क में हैं। हालांकि निर्भया की मां आशा देवी ने कहा है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

वहीं कांग्रेस नेता कीर्ति आजाद के ट्वीट ने मामले को हवा दे दी है। कीर्ति आजाद ने ट्वीट में लिखा है ‘ऐ मां तुझे सलाम...आशा देवी जी आपका स्वागत है’। गौरतलब है कि दिल्ली में आठ फरवरी को चुनाव होने हैं और कांग्रेस की कई सीटों पर पेंच फंसे हुए हैं। वहीं आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों और बीजेपी ने 57 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।