लखनऊ। अपनी आध्‍यत्‍म‍िक और सांस्कृतिक विरासत के लिए उत्तर प्रदेश दुनिया भर में जाना जाता है। यह राम, कृष्ण और बुद्ध की धरती है तो विश्व प्रसिद्ध प्रेम का मकबरा प्रदेश में ही मौजूद है। विविधता इतनी है कि विदेशों से आए टूरिस्ट बहुत ही कम समय में भारत के कल्चर की एक झलक आसानी से देख लेते हैं। आज हम आपको ऐसे ही 5 शहरों के बारे में बताने जा रहे हैं।

आगरा

दुनिया भर में अपनी बेमिसाल खूबसूरती के लिए मशहूर ताजमहल उत्तर प्रदेश के आगरा में है। यमुना नदी के तट पर स्थित इस इमारत की वास्तुकला पर्यटकों को सरप्राइज कर देती है। अनायास ही उनकी जुबान से वाह ताज निकल पड़ता है। यह शहर अपने पेठों और संगमरमर की कलाकृतियों के लिए भी जाना जाता है।

वाराणसी

काशी और बनारस के नाम से विख्यात वाराणसी को दुनिया का सबसे पुराना शहर माना जाता है। यह शहर भारत की आध्यात्मिक राजधानी भी कहा जाता है। इसकी गिनती विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों में होती है। शहर में मंदिरों की भरमार है। 12 पवित्र ज्योर्तिलिंगों में से एक काशी विश्वनाथ वाराणसी में ही स्थित है। मान्यताओं के मुताबिक, देह त्यागने के लिए यह शुभ जगह माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि काशी में मृत्यु होने के बाद व्यक्ति को मुक्ति मिल जाती है। यहां की गंगा आरती देखने पूरी दुनिया से पर्यटक आते हैं।

मथुरा

हिंदू धर्म के 7 पवित्र स्थलों में से एक मथुरा भी है। यह भगवान श्रीकृष्ण का जन्म स्थान है, जो दुनिया भर के पर्यटकों को अपनी ओर अट्रैक्ट करता है। होली और जन्माष्टमी का त्यौहार शहर में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। उस दरम्यान पूरा शहर पर्यटकों से भरा होता है। मान्यताओं के मुताबिक, जिस जेल में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। अब भी लोग उस जगह को देखने जाते हैं। यहां का द्वारिकाधीश और गीता मंदिर भी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। 

लखनऊ

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ नवाबों और कबाबों के लिए जाना जाता है। खासकर शहर के लोगों का विनम्र व्यवहार उन्हें लोगों से बिल्कुल अलग खड़ा करता है। शहर के बीचों बीच मुगल गेटवे रूमी दरवाजा बना है। यह शहर को दो हिस्सो में डिवाइड करता है। पुराने लखनऊ में आपको जगह जगह कबाब और बिरयानी की दुकानें दिख जाएगी। यहां के चिकन के कपड़ों की पूरी दुनिया में डिमांड है। 

अयोध्‍या

सरयू नदी के तट पर स्थित अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मस्थली है। यह हिंदूओं के 7 पवित्र शहरों में से एक है। यहां पर जैन धर्म के 24 तीर्थंकरों में से 4 का जन्म हुआ था। इसलिए यह शहर जैनियों के लिए भी अहमियत रखता है। बीते कई दशकों के विवाद के बाद भी लोगों का अयोध्या के प्रति आकर्षण कम नहीं हुआ है। भव्य राममंदिर के दर्शन के लिए देश ही नहीं विदेशों से भी श्रद्धालु अयोध्या आते हैं। 

ये भी पढें-एशिया पावर इंडेक्स: जापान को पीछे छोड़ भारत बना तीसरी सबसे बड़ी शक्ति, जानें 3 खास वजहें...