Rainfall Alert: जुलाई का आखिरी सप्ताह चल रहा है और मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। कम बारिश से परेशान उत्तर भारत अब कई दिनों तक बारिश से भीगने वाला है। इस बार वीकेंड पर भी बादल बरसने वाले हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली से लेकर मुंबई तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं देशभर में मौसम का क्या हाल रहने वाला है।

फिर से सक्रिय हो रहा है मानसून
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत दे रहा है। मानसून की अक्ष रेखा अब उत्तर की ओर अपनी सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रही है। मानसून की स्थिति में यह बदलाव अगले 4-5 दिनों तक बने रहने की उम्मीद है। इसके अलावा पश्चिमी हिमालय पर एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ मंडरा रहा है, जबकि उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर एक साईक्लोन सर्कुलेशन बना हुआ है।

भीषण गर्मी और उमस से राहत की उम्मीद
इन सेशनल सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश बढ़ने की संभावना है। स्काईमेट ने कम से कम अगले एक सप्ताह तक पश्चिमी हिमालय सहित पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय मानसून की स्थिति का अनुमान लगाया है। इस बारिश से उत्तर भारत को परेशान करने वाली भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। जैसे-जैसे बारिश का मौसम आगे बढ़ेगा, बारिश की कमी काफी हद तक कम होने की संभावना है।

पंजाब-हरियाणा से लेकर दिल्ली-यूपी तक बरसेंगे बादल
स्काईमेट के अनुसार आज यानी 27 जुलाई को कोंकण और गोवा, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश संभव है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, दक्षिण गुजरात और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, तेलंगाना, गुजरात और राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में मध्यम बारिश संभव है। लद्दाख, सौराष्ट्र और कच्छ, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की बारिश संभव है।

राजधानी दिल्ली में क्या रहने वाला है बारिश?
राजधानी दिल्ली के मौसम की बात करें तो यहां आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। यह क्रम लगातार दो दिन तक जारी रहेगा, यानी दिल्लीवासी इस बार वीकेंड बारिश के साथ बिताएंगे। इसके बाद भी बारिश का क्रम जारी रहेगा। 29 जुलाई को हल्की बारिश हो सकती है। 30 जुलाई को एक बार फिर मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगस्त की शुरुआत तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इन दिनों मैक्सिमम टंप्रेचर 34 से 35 और मिनिमम टंप्रेचर 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

 


ये भी पढ़ें...
1 अगस्त 2024 से बदलने जा रहे हैं ये 5 बड़े नियम....जानें आपकी जेब पर क्या पड़ेगा असर