राज कपूर का पुश्तैनी मकान गिरने पर पाकिस्तान के दो विभागों में ठनी

By PTI BhashaFirst Published Oct 14, 2018, 11:53 AM IST
Highlights

पाकिस्तान के पेशावर शहर में इमारत के स्थान पर अब एक कमर्शियल प्लाजा बनाया जाएगा।

पाकिस्तान के पेशावर शहर में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता राज कपूर के पैतृक आवास के पास स्थित एक ऐतिहासिक इमारत गिरा दी गई। जिससे बाद दो सरकारी विभागों के बीच विवाद शुरू हो गया है। कहा जा रहा है इस इमारत के स्थान पर अब एक कमर्शियल प्लाजा बनाया जाएगा।

पुरातत्व विभाग ने इमारत के मालिक और इवैक्वी ट्रस्ट प्रोपर्टी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। ट्रस्ट ने इमारत को गिराने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी किया था।

बता दें पुलिस ने फिलहाल इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की है।

पुरातत्व विभाग ने खान रजीक पुलिस थाने के एसएचओ को लिखे एक पत्र में कहा कि साल 1830-60 के बीच निर्मित यह इमारत लकड़ी की वास्तुकला का बेजोड़ नमूना थी। यह पेशावर शहर का गौरव थी और पुरातत्व विभाग कानून के तहत इसका संरक्षण करना चाहता था।

इमारत को गिराने का मामला तब प्रकाश में आया जब एक सिविल सोसायटी के कार्यकर्ता डॉ. अली जान ने कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाया।

click me!