
गोण्डा। दीपावली (Diwali 2023) पर्व पर गोण्डा जिला प्रशासन ने जरुरतमंदों के जीवन में खुशियां भरने को 'हर घर नेकी की दीवार' अनोखा अभियान शुरु किया है। लोगों को गैर जरुरी चीजों को इधर-उधर फेंकने के बजाए जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सहभागी बनने के लिए लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। दीपावली के मौके पर गैर जरुरी चीजों को दान कर लोग किसी गरीब के जीवन में खुशियां ला सकते हैं। अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और जनपदवासियों को जिला प्रशासन सम्मानित भी करेगा। यह अभियान अन्य अफसरों के लिए भी एक मिसाल है।
डीएम गोण्डा नेहा शर्मा ने शुरु की "हर घर नेकी की दीवार"
गोण्डा की डीएम नेहा शर्मा ने नगर पालिका परिषद करनैलगंज से रविवार को "हर घर नेकी की दीवार" विशेष अभियान की शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य लोगों के घरों की अनुपयोगी वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। नेहा शर्मा कहती हैं कि दीपावली पर हम सभी अपने अपने घरों की सफाई करते हैं। उस दौरान पुराने कपड़े, बर्तन, कंबल, जूते और खिलौनों समेत तमाम ऐसी चीजें निकलती हैं। जिनका अब यूज नहीं किया जा रहा होता है। लोग इन चीजों को फेंकने के बजाए अपने करीब की नगर पालिका, नगर पंचायत या ग्राम पंचायत में बनी 'नेकी की दीवार' में दान करें। उसका लाभ गरीब और वंचित लोग उठा सकेंगे और इस माध्यम से गरीबों के जीवन में भी दीपावली के मौके पर रोशनी लाई जा सकती है।
ग्राम पंचायत तक बन रहें विशेष केंद्र
यूपी के गोंडा जनपद में "हर घर नेकी की दीवार" के विशेष केंद्र ग्राम पंचायत स्तर तक बनाए जा रहे हैं। नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत में भी यह केंद्र स्थापित होंगे। ताकि उन केन्द्रों के आसपास रहने वाले लोग अपने घरों के अनुपयोगी सामान दान दे सकें। दान में प्राप्त सभी सामानों का रिकॉर्ड तैयार होगा। कोई भी जरुरतमंद इसका लाभ उठा सकेगा। अपनी जरुरत के मुताबिक इन केंद्रों से वस्तुएं ले सकेगा।
हेल्प लाइन नम्बर 05262-230125 भी जारी
आईएएस नेहा शर्मा कहती हैं कि "हर घर नेकी की दीवार" विशेष अभियान को दीपावली तक चलाया जाएगा। लोगों की सहूलियत के लिए हेल्प लाइन नम्बर (05262-230125) जारी किया गया है। कंट्रोल रूम भी बना है, सुबह 7 से रात 10 बजे तक लोग सम्पर्क कर सकेंगे। हेल्पलाइन नम्बर पर कॉल करके स्थानीय नागरिक अपने आसपास की "नेकी की दीवार" के बारे में जानकारी कर सकते हैं। इसके जरिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से सम्पर्क भी कर सकते हैं।
इस्तेमाल करने योग्य वस्तुएं ही करें दान
डीएम नेहा शर्मा का कहना है कि यह सभी वस्तुएं जरुरतमंदों के लिए होंगी। इसलिए अपने नजदीकी "हर घर नेकी की दीवार" में वही वस्तुएं दान करें, जो इस्तेमाल करने योग्य हो। लोग फटे-पुराने कपड़े या कोई खराब सामान दान न करें। अच्छा होगा कि यदि सामान साफ और यूज करने की स्थिति में हो। पुराने कपड़ों को धुलकर साफ किया जा सकता है। फटे कपड़ों की सिलाई और जूतों को साफ किया जा सकता है। इस अभियान में लोग उत्साह के साथ पार्टीशिपेट कर रहे हैं। अभियान की शुरुआत के पहले दिन जरुरतमंदों को वस्तुएं भी उपलब्ध कराई गईं।
MyNation Hindi का Motivational News सेक्शन आपको हर दिन positivity और inspiration देने के लिए है। यहां आपको संघर्ष से सफलता तक की कहानियां, real-life success stories, प्रेरणादायक खबरें, achievers की journeys और motivational updates मिलेंगे। पढ़ें ऐसे कंटेंट जो आपको आगे बढ़ने और बेहतर सोचने की प्रेरणा दे।