बिहार के 14 जिलों में आसमान से बरसेगी आफत, 50 लाख लोगों पर बाढ़ का खतरा

By Team MyNationFirst Published Jul 11, 2020, 6:46 PM IST
Highlights

राज्य में मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक बागमती बेसिन में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके कारण राज्य के 14 जिलों में बाढ़ का खतरा पैदा हो रहा है। जिसके कारण राज्य की 50 लाख की आबादी चपेट में आ सकती है।

पटना। मौसम विभाग ने बिहार के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के 14 जिलों में जोरदार बारिश हो सकती है और इससे इन जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। लिहाजा राज्य का आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट हो गया है और इसके लिए आपदा बलों को विशेष चौकस रहने को कहा है। माना जा रहा है कि बारिश के कारण नदियों का जल स्तर बढ़ रहा है और इसके कारण 50 लाख आबादी पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

राज्य में मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक बागमती बेसिन में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके कारण राज्य के 14 जिलों में बाढ़ का खतरा पैदा हो रहा है। जिसके कारण राज्य की 50 लाख की आबादी चपेट में आ सकती है।  माना जा रहा है कि बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ सकती है।  वहीं जिला प्रशासन से किसी भी परिस्थिति से निपटने को कहा गया है। राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों में अलर्ट की सूचना दी जा रही है और माइक से प्रचार किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों सचेत रहने को कहा है और इन इलाकों में रहने वाले महिलाओं, बच्चे व वृद्धों की पहचान की जा रही है।

राज्य में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 13 टीमों को बाढ़ प्रभावित जिलों में तैनात किया गया है। एनजीआरएफ की टीम कटिहार, अररिया, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, मोतिहारी, बेतिया, नालन्दा, छपरा, पटना तथा बक्सर में तैनात कर दी गई है जबकि एसडीआरएफ की 14 टीम और  होमगार्ड के 100 जवानों को पूर्णिया, खगड़िया, सीवान, पटना, भागलपुर, सहरसा, मुजफ्फरपुर, वैशाली,मधुबनी, सीतामढ़ी, मधेपुरा, समस्तीपुर में तैनात किया गया है।  राज्य में कोरोना के संकट को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों को पीपीई किट, सेनेटाईजर, मास्क, फेस शील्ड, साबुन, हैंड वाश, फैब्रिकेटेड फेस हुड कवर दिया गया है।

 50 लाख आबादी पर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा

जानकार के मुताबिक राज्य के उत्तर बिहार और नेपाल में भारी बारिश के कारण नदियों का जल स्तर बढ़ रहा है। बागमती नदी पांच स्थानों पर लाल निशान से उपर बह रही है। वहीं कोसी नदी का स्तर बढ़ा हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि बागमती बेसिन में भारी बारिश हो सकती है। इसके कारण राज्य के 14 जिलों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है।

click me!