
पटना: मोकामा विधायक अनंत सिंह के लदवां स्थित घर पर पुलिस ने जबरदस्त छापेमारी की। जिसमें एक ऑटोमेटिक विदेश हथियार मिला है। इस हथियार को मोडिफाई किया गया था। जिसकी वजह से पता नहीं चल पाया है कि यह एके-47 है या एके-56। विधायक के घर से प्रतिबंधित हैंड ग्रेनेड भी मिला है।
इन हथियारों की बरामदगी को देखकर पुलिस भी अचंभित रह गई। पुलिस अधीक्षक ने बयान दिया है कि अगर जरुरत पड़ी तो इस मामले में केन्द्रीय एजेन्सियों की भी मदद ली जा सकती है।
पुलिस ने बताया कि विधायक के घर जो ऑटोमेटिक हथियार मिला है उसकी मैगजीन में 26 गोलियां लोड हैं। यानी जरुरत पड़ने पर उससे कभी भी फायर किया जा सकता था।
यह हथियार अनंत सिंह के पुश्तैनी घर के आउटहाउस के खपरैल के कमरे से मिले हैं। पुलिस को विस्फोटक पीले रंग के कार्बन फिल्म में लपेटकर रखे हुए मिले। ऐसा मेटल डिटेक्टर से बचने के लिए किया गया था।
विधायक के घर पर जब छापेमारी की गई, तो वहां मात्र एक बुजुर्ग केयर टेकर मौजूद था। पुलिस ने उसे हिरासत में नहीं लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने सुबह ही छापेमारी शुरु कर दी थी। इस काम के लिए सुबह भारी तादाद में पुलिसकर्मी अनंत सिंह के पैतृक गांव लदवां पहुंचे। उनके घर को पुलिसकर्मियों ने चारो ओर से घेर लिया।
उस समय अनंत सिंह घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने घर में मौजूद लोगों को अपने कब्जे में ले लिया। पूरे इलाके के घेराबंदी कर दी गयी। किसी को भी उस ओर जाने नहीं दिया गया। गांव के लोगों ने बताया कि अनंत सिंह के घऱ की दीवारों को तोड़ा गया। हालांकि पुलिस ने किसी भी तोड़फोड़ से इनकार किया है।
इस घटना के बाद अनंत कुमार ने नीतीश सरकार के खासमखास ललन सिंह पर खुलकर आरोप लगाया है। अनंत का कहना है कि ललन सिंह के कहने पर ही पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह उसके खिलाफ फर्जी कार्रवाई कर रही हैं।
अनंत सिंह ने कहा है कि ललन सिंह नहीं चाहते हैं कि मैं 2020 में बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ूं। उन्होंने यह भी कहा कि हमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इंसाफ की उम्मीद है। वह जल्दी ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करके न्याय की गुहार लगाएंगे।
बिहार के सत्ताधारी दल से अनंत कुमार की तब ठनी जब उनकी पत्नी नीलम देवी ने ललन सिंह के खिलाफ लोकसभा का चुनाव मुंगेर से लड़ा। हालांकि इस मुकाबले में अनंत की पत्नी हार गईं लेकिन ललन सिंह से उनकी दुश्मनी पक्की हो गई।
इसके पहले जुलाई के आखिरी सप्ताह में बिहार पुलिस ने अत्याधुनिक हथियारों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। जिन्होंने स्वीकार किया था कि वह लोग अनंत सिंह के इशारे पर कुख्यात अपराधी भोला सिंह की हत्या करने के लिए आए थे। यह पूरी खबर आप यहां पढ़ सकते हैं।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।