
बुलंदशहर में हुई हिंसा और इंस्पेक्टर की मौत के आरोपी गिरफ्तार जीतू मलिक उर्फ जीतू फौजी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह सेना में सिपाही है। यूपी एसटीएफ ने उसे सोपोर से गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी से अब इस मामले में जल्द ही पर्दा उठने की संभावना है।
24 साल का फौजी जीतू बुलंदशहर के स्याना तहसील के महाव गांव का रहना वाला है। उसने हाईस्कूल की पढ़ाई इंटर कॉलेज चित्सौना से की। इसके बाद उसने पब्लिक इंटर कॉलेज स्याना से 12वीं पास की। हालांकि उसने कुछ समय घनसूरपुर कॉलेज से भी पढ़ा। पढ़ाई में औसत रहने वाला जीतू बचपन से ही सेना में जाना चाहता था और इंटर की पढ़ाई के साथ ही उसने सेना के लिए तैयारियां शुरू कर दी थी और चार साल पहले उसका सेना में सलेक्शन हो गया।
जानकारी के मुताबिक, दो साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसका दस महीने का बच्चा भी है। फिलहाल जीतू के खिलाफ कोई भी अपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं था। लेकिन बुलंदशहर में हिंसा के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उसके खिलाफ दंगा, आगजनी और हत्या का भी आरोप है। यूपी पुलिस की जानकारी के मुताबिक जीतू का नाम स्याना में दंगे, आगजनी और हत्या के सिलसिले में लिखी गई मूल एफआईआर में दर्ज किया गया है। एफआईआर में जीतू का नाम 11 स्थान पर लिखा गया और इसमें उसका नाम जीतू फौजी पुत्र राजपाल सिंह दर्ज है।
यूपी पुलिस का दावा है कि जीतू को वहां पर हुई हिंसा के दौरान बनाए गए कई विडियो में देखा गया है। फिलहाल एसआईटी हिंसा से जुड़े 14 विडियो क्लिप की जांच कर रही है। यूपी एसटीएफ की टीम जीतू की गिरफ्तारी के लिए उधमपुर बेस्ड नॉर्दन कमांड के कई उच्च अधिकारियों से मिली। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।